एडवोकेट एंड सॉलिसिटर संजय शर्मा ने किया उत्तराखंड की महिलाओं का सम्मान

March 12, 2019 | samvaad365

उत्तराखंड के लिए काम कर रही महिलाओं को एडवोकेट एंड सॉलिसिटर संजय शर्मा ने किया सम्मानित, अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर दिल्ली के गढ़वाल भवन में महिला सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता और सॉलिसिटर संजय शर्मा ने उत्तराखंड में रहकर अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रही महिलाओं का सम्मान किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य इन महिलाओं को जनता के सामने लाने के साथ ही लोगों को यह बताना था कि महिलाएं घर की ज़िम्मेदारियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों में भी चुनौतियां स्वीकार कर रहीं हैं। जिससे यह महिलाएं समाज के निम्न तबकों, अपने धर्म, संस्कृति और साहित्य के क्षेत्र में निस्वार्थ भाव से काम कर समाज के लिए प्रेरणा बन रही हैं। इस दौरान गढ़ रत्न नरेंद्र सिंह नेगी, हीरा सिंह राणा, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और उत्तराखंड प्रभारी श्याम जाजू, विनोद बछेती और एडवोकेट एंड सॉलिसिटर संजय शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। कार्यक्रम का संचालन गणेश कुगशाल गणि ने किया।

https://youtu.be/EDU1oDUqSbc

कार्यक्रम में सम्मानित महिलाओं में श्रीनगर गढ़वाल की संगीता फरासी शामिल रहीं। संगीता भीख मांगने वाले बच्चों की ज़िंदगी में न सिर्फ रंग भर रहीं हैं बल्कि सरकार की मदद के बिना ही शिक्षा के क्षेत्र में भी बेहतर कार्य कर रही हैं। इसके साथ ही चमोली ज़िले की नीति घाटी से नर्वदा रावत को नई पीढ़ी को प्रशिक्षित कर विलुप्त होती शिल्पकला को फिर से जीवंत करने का कार्य करने के लिए सम्मान दिया गया। तो वहीं बेतालघाट से सम्मानित पूजा गांव की महिलाओं को कैशलेस और इंटरनेट के विषय में जानकारी देकर छोटी छोटी बचत योजनाओं से अवगत करवा कर उनका जीवन बदलने में लगी हैं।

इसके साथ ही घोड़े चलाकर घर संभाल रही मंजू भंडारी, जागर के माध्यम से लोक संस्कृति को बढ़ावा देने वाली रामेश्वरी देवी, विवाह में शराब की परंपरा को बंद करवाने का काम कर रही कुसुम जोशी, 2013 की आपदा में 40 लोगों की जान बचाने वाली ममता रावत शामिल रहीं। वहीं 2 बार बाघ से लड़ने वाली बाला देवी, योग के क्षेत्र में काम कर रहीं चंपा, घायल पशुओं का उपचार करवाने वाली सुषमा जखमोला, बीमार महिलाओं की सेवा में लगीं डॉ. पुष्पा, फिल्म कलाकार उर्मी नेगी, कैंसर पीड़ितों के लिए मुहिम चलाने वाली शकुंतला कुकरेती, व्हील चेयर मैराथन दौड़ की विजेता गरिमा जोशी, साहित्य और भाषा के क्षेत्र में काम कर रहीं विधु शर्मा को भी सम्मानित किया गया।

इस कार्यक्रम से जहां गुमनाम हस्तियों को प्रोत्साहित कर सम्मान दिया गया वहीं नई पीढ़ी को भी समाज के लिए कुछ अलग करने की प्रेरणा भी मिली। इस दौरान सभी ने कार्यक्रम की सराहना की। साथ ही एडवोकेट एंड सॉलिसिटर संजय शर्मा दरमोड़ा और उनकी टीम की सदस्य सुषमा नेगी, रजनी, बबिता नेगी, मंजू भदोला और संजय चौहान को सफल कार्यक्रम के लिए बधाई दी। वहीं इस मौके पर कई समाज सेवी, बुद्धिजीवी पत्रकार, कवि, साहित्यकार और समाज के कई दिग्गज मौजूद रहे।

यह खबर भी पढ़ें-घनसाली से धनीलाल शाह एक बार फिर कांग्रेस में शामिल

यह खबर भी पढ़ें-रुद्रप्रयाग में शुरू हुई ‘माँ योजना’, इन महिलाओं के लिए होगी लाभकारी

दिल्ली /पुष्पा पुण्डीर

33278

You may also like