बदायूं: पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों में मारपीट

September 5, 2020 | samvaad365

बिसौली (बदायूं): कोतवाली क्षेत्र के गांव धनूपुरा में पुरानी रंजिश को लेकर धारदार हथियारों से लैस समुदाय विशेष के 12 से ज्यादा लोगों ने एक घर पर धावा बोल दिया। उन्होंने घर के अंदर मौजूद सभी लोगों के साथ जमकर मारपीट की। इससे गांव में तनाव के हालात बन गए। बवाल की सूचना पर एसपी देहात डॉ. सिद्धार्थ वर्मा कई थानों की पुलिस फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। वहीं घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है।

आपको बता दें करीब सप्ताह भर पहले गांव निवासी विजनेश के पुत्र लकी का समुदाय विशेष के एक युवक से विवाद हो गया था। उसी समय से दोनों पक्षों में रंजिश थी। शुक्रवार देर शाम समुदाय विशेष के लोगों ने धारदार हथियार लेकर विजनेश के घर पर धावा बोल दिया। करीब 10 मिनट तक हमलावरों ने जमकर बवाल किया। विजनेश के परिवार वाले चीखते रहे लेकिन कोई भी बचाने नहीं आया। घटना में विजनेश का पुत्र लकी, राजेश और दीपक घायल हो गए। लकी की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की जानकारी होते ही सीओ विनय चौहान, कोतवाल पंकज लवानिया और थाना फैजगंज, वजीरगंज की पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस संबंध में बिसौली कोतवाल ने बताया कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। एसपी देहात ने बताया कि मामूली बात पर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया था। शुक्रवार को अवैध सामग्री की सूचना पर पुलिस गांव में गई थी। पुलिस ने कुछ घरों में जांच पड़ताल की तो उन लोगों को लगा कि विजनेश ने ही पुलिस बुलाई है। पुलिस के वहां से आने के बाद वह मारपीट करने लगे। मामले में सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।  आठ दिन पहले भी दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। बात थाने तक पहुंची। पुलिस ने शांतिभंग की कार्रवाई की। इसके बाद पुलिस ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया।

यह खबर भी पढ़ें-रिया के भाई शोविक चक्रवर्ती और सैमुअल मिरांडा को 9 सितंबर तक NCB रिमांड में भेजा गया

संवाद365/रीतेश चौहान

53908

You may also like