जम्मू: भारत-पाकिस्तान LOC के पास हादसे का शिकार हुई बस, 12 की मौत, PM मोदी ने जताया दुःख

September 14, 2022 | samvaad365

जम्मू संभाग के पुंछ जिले में बुधवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। जिले की मंडी तहसील में भारत-पाकिस्तान नियंत्रण रेखा के पास सावजियां में मिनी बस हादसे का शिकार हो गई। इस हादसे में 12 लोग मारे गए हैं, जबकि 22 लोग घायल हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही सेना और पुलिस के जवानों ने स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान चलाया।

जानकारी के अनुसार, गली मैदान से पुंछ के लिए जा रही एक मिनी बस सीमावर्ती क्षेत्र सावजियां के पास दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में जा गिरी। इस हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई है और 22 लोग घायल हैं। मरने वालों में तीन बच्चे भी शामिल हैं। घायलों को पुंछ जिला अस्पताल में दाखिल कराया गया है। इनमें से 5 घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जम्मू मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जबकि 4 घायलों को सड़क के रास्ते कश्मीर भेजा गया है।

पुंछ जिला अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल है। यहां पर डॉक्टर लगातार उनकी देखभाल कर रहे हैं। अस्पताल सीएमओ डॉ. शमीम उल निशा ने बताया कि अस्पताल में घायलों का उपचार जारी है। अभी तक दो घायलों की मौत हो गई है। 10 लोगों की मंडी में मौत हुई है। कुल 12 लोग इस हादसे में अपनी जान गंवा चुके हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुंछ सड़क हादसे को दुखद बताया है। उन्होंने पीएमएनआरएफ की ओर से मृतकों के परिजनों के लिए दो लाख रुपये और घायलों के 50 हजार रुपये की सहायता राशि की घोषणा की। पीएम मोदी ने कहा, ‘पुंछ में हुए हादसे में लोगों की मौत दुखद है। मेरी संवेदनाएं उन सभी के साथ हैं, जिन्होंने अपनों को खोया है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। पीएमएनआरएफ की ओर से प्रत्येक मृतक के परिजन को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।’

 

संवाद 365, दिविज बहुगुणा

ये भी पढ़ें : भाजपा का झंडा लिए लोगों ने कोलकाता पुलिस को लाठियों से पीटा, वीडियो हुआ वायरल

 

 

 

 

81251

You may also like