झारखंड : पति के भोजन बनाने के बात पर पत्नी ने काट डाला पति को

September 6, 2020 | samvaad365

भोजन को लेकर हुए विवाद के बाद शुक्रवार रात पत्नी ने अपने ही पति की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि दोनों ही नशे में थे। घटना एमजीएम थाना अंतर्गत सुखलाड़ा गांव की है। मृतक का नाम उपेंद्र सबर (30) है। उसकी पत्नी बुधनी सबर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पति पर टांगी से उसने तीन वार किए थे। पुलिस के मुताबिक, पति-पत्नी दोनों ही शराब के नशे में धुत होकर घर आए। घर आने के बाद भोजन बनाने की बात पर उनके बीच विवाद खड़ा हो गया। पहले उनके बीच हाथापाई हुई, जिसमें उपेन्द्र ने पत्नी बुधनी की पिटाई की। मारपीट होने के बाद वह घर से बाहर चला गया। थोड़ी ही देर में जब वह लौटकर आया तो पत्नी पहले से ही टांगी लेकर मौजूद थी।

पति पर उसने मौका देखते ही टांगी से कई वार कर दिए। लहूलुहान होकर वह रात भर घर में ही पड़ा रहा और उसकी पत्नी वही उसके पास रात भर बैठी रही। डर के वजह से उनका सात साल का बेटा छिप गया था। सुबह जब शव के पास उसकी मां सो गई तो वह वहां से उठा और गांव में जाकर हत्या की जानकारी दी। गांव वाले जबतक आए, तब तक अधिक रक्तस्राव के वजह से उपेन्द्र की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची, और वहां से शव को लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। गांव वालों ने पुलिस को बताया कि उनके बीच अक्सर विवाद होता रहता था। मृतक के सात साल के बेटे ने बताया कि घर में जब माता-पिता के बीच झगड़ा हो रहा था तो उसे लगा कि झगड़े में उसे भी मां मार देगी। इसलिए वह डर से छिप गया था। मां के जेल जाने के बाद वह अपने चाचा सूरज सबर के साथ है और सूरज ने उसे पालने की जिम्मेवारी ली है।

यह भी पढ़े: छत्तीसगढ़: सरकार ने तय किए प्राइवेट अस्पताल में कोविड-19 इलाज के रेट, रायगढ़ एसपी समेत 1172 नए संक्रमित

संवाद365/कोमल राजपूत

 

53933

You may also like