कौशांबी: टीला ढहने से मलबे में दबी तीन जिंदगियां… दो बच्चियों की मौत

May 22, 2020 | samvaad365

कौशांबी: उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जनपद के सैनी कोतवाली में मिट्टी का टीला ढह जाने से दो लड़कियों समेत एक महिला मलबे में दब गई। जब तक मलवा हटाकर उसके नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला गया तब तक दोनों लड़कियों की दम घुटने से मौत हो गई। जबकि महिला को सकुशल बाहर निकाल लिया गया है।

दरअसल, अझुवा नगर पंचायत के वार्ड नंबर पांच स्थित नगर पंचायत के तालाब से आसपास के तमाम ग्रामीण अपने घरों की पुताई करने के लिए मिट्टी की खुदाई करते हैं। सुबह वार्ड नंबर चार निवासी बाजी लाल की पत्नी सुनीता देवी अपनी 16 वर्षीय पुत्री पूनम व वार्ड नंबर 5 में रहने वाली बारह वर्षीय अंजली के साथ मिट्टी की खुदाई करने गई थी। तीनों मिट्टी की खुदाई कर रही थी तभी अचानक टीला भरभरा कर उनके ऊपर गिर गया। मलवे में तीनों दब गए। आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग शोर मचाते हुए मौके पर पहुंचे और मिट्टी हटाना शुरू किया। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना देने के बाद बचाव कार्य शुरू किया इस दौरान दोनों लड़कियों को बाहर निकाला गया। हालांकि तब तक दम घुटने से उनकी मौत हो गई थी। जबकि सुनीता देवी को सकुशल मलबे से बाहर निकाल लिया गया। मिट्टी के मलबे में कई और लोगों के दबे होने की आशंका पर जेसीबी मशीन से खुदाई कराई गई। हालांकि मलवे में कोई और नहीं निकला। घटना की सूचना पर एसडीएम सिराथू राकेश कुमार श्रीवास्तव, सीओ सिराथू रामवीर सिंह व कई थाने की पुलिस पहुंची। मृतका के परिजन शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने को तैयार नहीं थे। हालांकि समझाबुझा कर पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा करने के बाद उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

https://www.youtube.com/watch?v=lTSJO2G_8XA

यह खबर भी पढ़ें-बुलंदशहर: कोरोना से दूसरी मौत स्वास्थ्य विभाग में मचा हड़ंकप

संवाद365/नितिन अग्रहरि

50019

You may also like