13 वर्ष बाद कूड़ा उठान शुल्क में होगी वृद्धि

January 29, 2023 | samvaad365

नगर निगम ने वर्ष 2010 के बाद कूड़ा उठान के यूजर चार्ज (सेवा शुल्क) में वृद्धि का खाका तैयार कर लिया है। शुल्क में वृद्धि की कवायद वर्ष 2019 में भी हुई थी, लेकिन यह परवान नहीं चढ़ सकी थी।

अब नगर निगम बोर्ड की तरफ से बनाई गई अधिकारियों व पार्षदों की संयुक्त समिति ने शुल्क में वृद्धि का खाका तैयार कर उसे अंतिम रूप दे दिया है।

पहली बार मल्टीस्टोरी (बहुमंजिला) फ्लैट वाली सोसाइटी-अपार्टमेंट को भी शुल्क के दायरे में लाया गया है। वहीं, विभिन्न प्रतिष्ठान श्रेणी में दोगुना से पांच गुना तक शुल्क बढ़ाने की मंजूरी दी गई है। घरों कूड़ा उठान के लिए वसूल किए जा रहे 50 रुपये के शुल्क में भी वृद्धि कर इसे 70 रुपये प्रतिमाह किया जा रहा है।

यूजर चार्ज के साथ ही म्यूटेशन शुल्क में बढ़ोत्तरी के अधिकार

नगर निगम की पिछले वर्ष 20 अगस्त को हुई बोर्ड बैठक में बनाई गई संयुक्त समिति को कूड़ा उठान के यूजर चार्ज के साथ ही म्यूटेशन शुल्क में बढ़ोत्तरी के अधिकार दिए गए थे। अपर नगर आयुक्त जगदीश लाल की अध्यक्षता में शनिवार को हुई बैठक में शुल्क बढ़ोत्तरी को हरी झंडी दे दी गई।

विभिन्न कारोबार व प्रतिष्ठान के हिसाब से यूजर चार्ज बढ़ाए गए हैं। समिति का कहना है कि यूजर चार्ज में बढ़ोत्तरी से न सिर्फ सफाई व्यवस्था की दिशा में बेहतर काम हो पाएंगे, बल्कि इससे निगम की आय भी सुदृढ होगी। समिति की बैठक में मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. अविनाश खन्ना, भवन कर अधीक्षक धर्मेश पैन्यूली व पार्षद मौजूद रहे।

समिति ने शुल्क बढ़ोत्तरी की रिपोर्ट महापौर सुनील उनियाल गामा व नगर आयुक्त मनुज गोयल को सौंप दी है। अब यह रिपोर्ट दो फरवरी को होने जा रही नगर निगम की बोर्ड बैठक में रखी जाएगी। महापौर ने बताया कि बोर्ड के अनुमोदन के बाद संशोधित शुल्क लागू किया जाएगा।

नगर निगम की समिति ने म्यूटेशन के लिए वसूल किए जाने वाले शुल्क में भी बड़ा बदलाव किया है। अब आवासीय, व्यावसायिक श्रेणी व लागत के मुताबिक शुल्क के लिए अलग-अलग स्लैब तय किए गए हैं। अब तक सभी तरह के म्यूटेशन के लिए एकमुश्त महज 150 रुपये वसूल किए जा रहे थे। केवल मृत्यु के मामले में सभी श्रेणी की संपत्ति पर यह शुल्क एकमुश्त 2000 रुपये रहेगा।

संवाद 365, परी रमोला

यह भी पढ़ें : बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री के समर्थन में निकली ध्वज यात्रा

85252

You may also like