आचार संहिता उल्लंघन की शिकायतों के निस्तारण में इस एप पर देशभर में नम्बर #1 उत्तराखंड

April 9, 2019 | samvaad365

सी विजिल एप के माध्यम से आचार संहिता के उल्लंघन से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण में उत्तराखंड पहले स्थान पर है। वहीं एप में शिकायत दर्ज करने में केरल राज्य के मतदाता सबसे आगे हैं। बता दें कि देश भर में इस एप पर आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन को लेकर 37 हजार से भी ज्यादा शिकायतें दर्ज की गई हैं। जिनमें से 24 हजार से अधिक शिकायतों का निस्तारण कर दिया गया है। लोकसभा चुनाव में पहली बार आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायतें दर्ज करने के लिए निर्वाचन आयोग ने सी विजिल एप की सुविधा दी है। इस एप को कोई भी व्यक्ति डाउनलोड कर आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत दर्ज करवा सकता है। दर्ज शिकायतों को निबटाने के लिए रिटेनिंग ऑफिसर्स से लेकर जिला स्तर के तमाम अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। सी विजिल एप की मानें तो अब तक देश के कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से कुल 37 हजार से अधिक शिकायतें दर्ज हुई हैं, जिनमें से 24 हजार से अधिक शिकायतें निस्तारित की जा चुकी हैं। इसके साथ ही असिस्टेंट रिटेनिंग ऑफिसर ने 5827 शिकायतें और डिस्ट्रिक्ट कंट्रोल सेंटर ने 6249 शिकायतें फर्जी होने के चलते निरस्त कर दीं।

वहीं इस एप के माध्यम से मिली शिकायतों का निबटारा करने में उत्तराखंड पहले स्थान पर है। उत्तराखंड ने इस एप में आई 90 फीसदी शिकायतों का निस्तारण किया है। तो वहीं केरल दूसरे, मध्य प्रदेश तीसरे, वेस्ट बंगाल चौथे स्थान पर और आंध्र प्रदेश पांचवे पायदान पर है। एप में शिकायत दर्ज करने की बात की जाए तो सी विजिल एप में शिकायतें दर्ज कराने में केरल पहले स्थान पर है। वहीं इस मामले में उत्तराखंड पांचवें नम्बर पर है। जहां सबसे ज्यादा शिकायतों का आंकड़ा 11058 है। जबकि मध्य प्रदेश में 4804, आंध्र प्रदेश में 4338 पश्चिम बंगाल में 2784 तो वहीं 1792 शिकायतें उत्तराखंड में दर्ज हुईं। बता दें कि शिकायत का निस्तारण करने के मामले में उत्तराखंड 1792 में से 1614 शिकायतें निस्तारित कर देश में पहले स्थान पर है। यह एप प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है।

संवाद365 / पुष्पा पुण्डीर

36704

You may also like