पीएम मोदी के गृह राज्य से कांग्रेस ने फूंका चुनावी बिगुल

March 12, 2019 | samvaad365

लोकसभा चुनाव प्रचार की शुरुआत करने से पहले मंगलवार को कांग्रेस ने गुजरात के साबरमती आश्रम में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को ऋद्धांजलि अर्पित की। पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी, यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी, नवनियुक्त कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और पूर्व प्रधानमंत्री डॉं. मनमोहन सिंह के नेतृत्व में पार्टी नेताओं ने राष्ट्रपिता और उनके अहिंसा और सहिष्णुता के आदर्शों को याद कर लोकसभा चुनाव से पहले देश की जनता को एक प्रतीकात्मक संदेश दिया। बता दें कि सोमवार को दिल्ली में राहुल गांधी ने बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा था कि आम चुनाव महात्मा गांधी और नाथूराम गोडसे की विचारधाराओं के बीच की लड़ाई है। इसमें एक तरफ प्यार है तो दूसरी तरफ नफरत।

12 मार्च 1930 को ही महात्मा गांधी ने सत्याग्रहियों के साथ ऐतिहासिक दांडी मार्च की साबरमती आश्रम से शुरुआत की थी। और आज के दिन ही गुजरात में कार्यसमिति की बैठक करना कांग्रेस की खास रणनीति मानी जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात से हैं, साथ ही बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का गृह राज्य भी गुजरात ही है। वहीं गुजरात विधानसभा चुनाव के बाद से ही जोश को बरकरार रखने वाली कांग्रेस इसका पूरा फायदा आम चुनाव में लेना चाहती है। माना जा रहा है कि कांग्रेस बीजेपी के दिग्गजों के गृह राज्य से ही बीजेपी को उखाड़ फेंकने की फिराक में है। वहीं कांग्रेस में हाल ही में राजनीतिक कमान संभालने वाली प्रियंका गांधी वाड्रा पहली बार आधिकारिक बैठक में शामिल हुईं।

गुजरात में कांग्रेस की सीडब्ल्यूसी की आखिरी बैठक साल 1961 में सम्पन्न की गई थी। जिसके 58 वर्षों बाद यह बैठक राज्य में आयोजित की गई। बैठक में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने लोगों को यूपीए सरकार की उपलब्धियां गिनाने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि सरकार झूठा प्रचार कर रही है।  साथ ही उन्होंने कहा कि खराब नीतियों की वजह से अर्थव्यवस्था गिरी है।  तो वहीं यूपीए की चेयरपर्सन सोनिया गांधी ने कहा कि राष्ट्रीय हित से समझौता करके राजनीति हो रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी पीड़ित बनने की कोशिश करते हैं, जबकि असली पीड़ित जनता है। बैठक के बाद पार्टी गांधीनगर के अडालज में जय जवान, जय किसान के नारे के साथ जनसभा करेगी। इस दौरान पाटीदार नेता हार्दिक पटेल भी कांग्रेस में शामिल हो जाएंगे। वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय स्मारक में आयोजित कार्यसमिति की बैठक में आम चुनाव की रणनीति की अंतिम रुप-रेखा तैयार की गई। बैठक में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और नवनियुक्त पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सहित कांग्रेस के नेता शामिल रहे।

33254

You may also like