नहीं रहे दिवंगत पूर्व सीएम एनडी तिवारी के बेटे रोहित शेखर, दिल्ली में ली अंतिम सांस

April 17, 2019 | samvaad365

उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत एनडी तिवारी (नारायण दत्त तिवारी) के बेटे रोहित शेखर तिवारी की मंगलवार को अचानक तबियत बिगड़ने से उनका निधन हो गया। मंगलवार को घर में अचानक उनकी तबियत बिगड़ गई जिसके बाद उन्हें साकेत मैक्स अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वह दिल्ली की डिफेंस कॉलोनी में रहते थे। उनकी उम्र 39 साल थी।

वहीं बताया जा रहा है कि दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हुआ है। बता दें कि बीते साल 18 अक्टूबर को रोहित के पिता एनडी तिवारी का भी लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। आपको बता दें कि रोहित शेखर को नारायण दत्त तिवारी ने तीन साल पहले ही पुत्र स्वीकार किया था, जब छह साल की कानूनी लड़ाई के बाद उनका पितृत्व साबित हो गया। रोहित शेखर तिवारी 2017 में उत्तराखंड विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी में शामिल हो गए थे। उन्होंने नई दिल्ली में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के आवास पर उनकी मौजूदगी में बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की थी। 91-वर्षीय नारायण दत्त तिवारी दो राज्यों उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रहे हैं, वह केंद्रीय मंत्री भी रह चुके हैं तथा आंध्र प्रदेश के राज्यपाल भी रहे हैं, हालांकि राज्यपाल के रूप में उन्हें कार्यकाल के बीच में ही सेक्स स्कैंडल की वजह से इस्तीफा देना पड़ा था। वहीं दिल्ली पुलिस के मुताबिक रोहित की मां उज्जवला अपने चेकअप के लिए मैक्स अस्पताल में ही थीं तभी उन्हें फोन पर रोहित की तबियत बिगड़ने की जानकारी मिली। इसके बाद ऐंबुलेंस से उन्हें अस्पताल लाया गया। साथ में रोहित की मां और पत्नी अपूर्वा मौजूद थीं। रोहित की नाक से खून निकल रहा था। रोहित की मां उज्जवला का कहना है कि उनकी मौत नैचुरल है और किसी पर उन्हें साजिश का शक नहीं है।

यह खबर भी पढ़ें-गोवा के मिस इंडिया फैशन आइकॉन में पहाड़ की महिमा ने जीता सबका दिल, जीता ये खिताब…

यह खबर भी पढ़ें- अब रोज तिरंगा देखकर खुद पर करें गर्व, दून में यहां लगा सौ फीट ऊंचा तिरंगा…

संवाद 365/काजल

36894

You may also like