बागेश्वर- शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे ने अटल उत्कृष्ट विद्यालय का किया शुभारंभ

July 12, 2021 | samvaad365

बागेश्वर जिले के भ्रमण पर पहुंचे प्रदेश के शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे ने अटल उत्कृष्ट विद्यालय का शुभारंभ करते हुए कहा कि प्रदेश के हर गरीब बच्चे को बेहतर शिक्षा मिले, इसी उद्देश्य से अटल उत्कृष्ट विद्यालय खोले जा रहे हैं। इससे हर अभिभावक का अपने बच्चे को अंग्रेजी मीडियम स्कूल में पढ़ाने का सपना पूरा होगा और वह बच्चा निजी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल सकेगा। अटल उत्कृष्ट विद्यालयों में छात्रों को कक्षा 6 से लेकर कक्षा 12वीं तक अंग्रेजी माध्यम में शिक्षा दी जाएगी.

उन्होंने कहा सरकार प्रदेश के हर बच्चे को बेहतर शिक्षा देने के लिए संकल्पबद्ध है इसी उद्देश्य से अटल उत्कृष्ट विद्यालय खोले जा रहे हैं। इन विद्यालयों में पढ़कर प्रदेश का हर गरीब बच्चा आधुनिक वक्त की मांग के अनुसार शिक्षा ग्रहण कर सकेगा। उन्होंने कहा कि सीबीएसई से मान्यता प्राप्त सभी अटल उत्कृष्ट विद्यालयों में अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई होगी। ये सभी स्कूल स्मार्ट क्लासेस के अलावा अन्य अत्याधुनिक शिक्षा व्यवस्थाओं से लैस होंगे। बागेश्वर में कुल 5 अटल उत्कृष्ट विद्यालय सरकार द्वारा खोले जा रहे हैं। जिसमे सानिउडीयार, अमस्यारी, भटखोला, वजयुला और स्याकोट शामिल है। सभी विद्यालयों को सीबीएसई से मान्यता प्राप्त हो चुकी है.

इस मौके पर उन्होंने कहा कि अटल आदर्श विद्यालय खुलने से पलायन भी रूकेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा के मामले में हिंदुस्तान मे उत्तराखंड आज चौथे नम्बर पर है। इस दौरान शिक्षा मंत्री ने जीआईसी कांडा व जीआईसी बागेश्वर में पौधारोपण करने के बाद कहा कि प्रकृति को हरा भरा व प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए सभी को पौधरोपण करना होगा, तभी मानव जीवन की कल्पना की जा सकती है। उन्होंने चिपको आंदोलन की जननी मां गौरा देवी को याद करते हुए कहा कि उन्हीं की याद में पौधरोपण अभियान चलाया जा रहा है.

(संवाद365/हिमांशु गड़िया)

यह भी पढ़ें-  पूर्व सीएम की घोषणा के बाद अब लाइट एंड साउंड शो से होंगे कॉर्बेट के दर्शन

63675

You may also like