मुंबई में उत्तराखंड के लोक पर्व हरेला के अवसर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन

July 20, 2020 | samvaad365

मुंबई: मुंबई में उत्तराखंडियों की सबसे पुरानी व प्रतिनिधि संस्था गढ़वाल भ्रातृ मंडल द्वारा सामाजिक संस्था अभियान के सहयोग से पोयसर जिमखाना व नवयुवक मैदान कांदीवली (पश्चिम) में 18 जुलाई 2020 को उत्तराखंड के लोक पर्व हरेला के उपलक्ष्य में आयोजित वृक्षारोपण का कार्यक्रम धूमधाम से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में उत्तर मुंबई के सांसद गोपाल शेट्टी प्रमुख अतिथि व मुंबई भारतीय जनता पार्टी के महासचिव अमर जीत मिश्र विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे।

गोपाल शेट्टी ने अपने उदबोधन में अभियान व गढ़वाल भ्रातृ मंडल को इस कोरोना काल में सकारात्मक कार्यक्रम को करने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि उनकी जानकारी के अनुसार यह वृक्षारोपण का कार्यक्रम मुंबई महानगरी में इस मानसून का पहला कार्यक्रम है। इसे आने वाले वर्षों में और भव्य रूप दिया जाएगा। अमरजीत मिश्र ने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि उत्तराखंड के इस लोक पर्व को राष्ट्रीय स्तर पर मनाया जाये। इसलिए इसके आयोजन में निरंतरता जरूरी है।

इसके पूर्व कार्यक्रम के संयोजक रमण मोहन कुकरेती ने सभी का स्वागत किया व हरेला त्यौहार के महत्व पर प्रकाश डाला। अतिथियों में पंकज मठपाल, सुशील बोंठियाल, ललित बिष्ट व बुद्धि प्रसाद देवली का समावेश था। आयोजक समिति में महेंद्र सिंह गुसाईं , एडवोकेट आशुतोष रतूड़ी, बीरेंद्र पुंडीर व बीरेंद्र गुसाईं प्रमुख थे। अन्य गणमान्यों में सरूप पोखरियाल, जय कृत नेगी, राजे सिंह गुसाईं, मंजीत रावत, अनूप, करण आदि शामिल थे। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम के संयोजक एवम गढ़वाल भ्रातृ मंडल के महासचिव रमण मोहन कुकरेती ने किया। इस अवसर पर आस पास के परिसर में कोरोना महामारी के चलते रात दिन सफाई का काम करने वाले सफाई कर्मचारियों को सम्मानित कर मास्क व ग्लव्स भेंट किये गए। कार्यक्रम के दौरान कोरोना के चलते सामाजिक दूरी व अन्य सावधानियों का विशेष ध्यान रखा गया।

यह खबर भी पढ़ें-टिहरी: नगर पालिका द्वारा पालिका अध्यक्ष सीमा कृषाली के नेतृत्व में चलाया गया स्वच्छता अभियान

संवाद365/पुष्कर ओझा       

52116

You may also like