पाक सेना ने तोड़ा सीज़फायर… उत्तराखंड के दो जवान शहीद

May 2, 2020 | samvaad365

कोरोना महासंकट के बीच पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज़ नहीं आ रहा है। शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिला के उरी सेक्टर में पाकिस्तानी सेना ने सीज़फायर का उल्लंघन करते हुए जमकर फायरिंग की थी, जिसमें चार जवान गंभीर रुप से घायल हो गए थे। जिनमें से दो जवानों ने शनिवार सुबह दम तोड़ दिया। रक्षा प्रवक्ता कर्नल राजेश कालिया ने बताया कि पाकिस्तान की तरफ से लगातार संघर्ष विराम तोड़ा जा रहा है। शुक्रवार को पाकिस्तान की तरफ से उल्लंघन कर नियंत्रण रेखा के नजदीक जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में अकारण गोलीबारी की गई।

वहीं भारतीय सैनिकों ने पाकिस्तान की इस हरकत का मुंहतोड़ जवाब दिया, लेकिन पाक फायरिंग में चार सैनिक घायल हो गए थे। इन्हें तुरंत ही पास के मिलिट्री हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, हालांकि शनिवार सुबह इलाज के दौरान दो सैनिकों ने दम तोड़ दिया था। इन सैनिकों की पहचान हवलदार गोकर्ण सिंह और  नायक शंकर एस पी. के नाम से हुई है।

उत्तराखंड के हैं दोनों शहीद जवान

पाकिस्तान द्वारा किए गए हमले में शहीद हुए दोनों जवान उत्तराखंड के पिथौरागढ़ और बागेश्वर के हैं। इस घटना की सूचना से शहीदों के घर में कोहराम मच गया है। दोनों जवानों की शहादत से पूरे जिले में शोक की लहर है।

जानकारी के अनुसार कुमांऊ रेजीमेंट में तैनात गंगोलीहाट के नाली गांव निवासी नायक शंकर सिंह और मुनस्यारी के नापड़ गांव निवासी गोकर्ण सिंह शहीद हो गए हैं। शहीद गोकर्ण सिंह का परिवार वर्तमान में बरेली में रहता है।

यह खबर भी पढ़ें-हरदोई: गेहूं तौल पर प्रशासन ने मारा छापा… पूरे प्रकरण की हो रही है जांच

यह खबर भी पढ़ें-टिहरी: कोरोना से निपटने के लिए पालिका कर रही काम… 9 वार्डों में हो रहा सैनिटाइजेशन

संवाद365/काजल

49229

You may also like