Chardham Yatra 2024: शुभ मुहूर्त में खुले केदारनाथ और यमुनोत्री धाम के कपाट, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

May 10, 2024 | samvaad365

अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर शुक्रवार को केदारनाथ धाम के कपाट खोल दिए गए। जिसके बाद चार धाम यात्रा का शुभारंभ हो गया। वहीं अब गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के श्री कपाट खोले जाएंगे। इसके लिए तीनों धामों को भव्‍य रूप से सजाया गया है। सबसे पहले सुबह सात बजे केदारनाथ धाम के कपाट देश-विदेश के भक्तों के दर्शनार्थ खोल दिए गए। इसके बाद यमुनोत्री धाम के कपाट भी सुबह 10.29 बजे खोल दिए गए हैं। वहीं गंगोत्री धाम के कपाट 12.25 बजे खुलेंगे। केदारनाथ के कपाट खुलने के समय उत्‍तराखंड के मुख्‍यमंत्री पुष्‍कर सिंह धामी भी धाम में मौजूद रहे।

सात हजार से अधिक भक्‍त बने साक्षी

केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के समय धाम में सात हजार से अधिक श्रद्धालु मौजूद रहे। साथ ही कपाट खुलते समय तीर्थयात्रियों पर हैलीकॉप्टर द्वारा फूलवर्षा हुई। यहां श्रद्धालुओं के लिए जगह – जगह भंडारे आयोजित किये गये हैं। मुख्य सेवक भंडारा कार्यक्रम समिति ने भी भंडारे आयोजित किए हैं। शुक्रवार को केदारनाथ में मौसम साफ रहा। आस-पास तथा दूर बर्फ होने से सर्द बयारें चलती रहीं।

भव्य रूप से सजाए गए मंदिर

केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम को फूलों से भव्य रूप से सजाया गया है। केदारनाथ मंदिर को 20 क्विंटल से अधिक फूलों से सजाया गया है। धाम में दर्शन के लिए इस बार श्रद्धालु आस्था पथ से जाएंगे। आस्था पथ पर बैठने के लिए बेंच की व्यवस्था है। साथ ही बारिश व बर्फबारी से बचने के लिए रेन शेल्टर बनाया गया।

रुद्राक्ष एक दिन में कराएगा दो धाम के दर्शन

जौलीग्रांट स्थित एसडीआरएफ हेलीपैड से रुद्राक्ष इस बार फिर दो धाम के दर्शन कराने के लिए तैयार है। आज केदारनाथ धाम के कपाट खुलने पर रुद्राक्ष की सेवाएं आज से शुरू हो गईं हैं। रुद्राक्ष एविएशन का एमआइ-17 हेलीकाप्टर शुक्रवार को गुप्तकाशी के लिए उड़ान भरेगा। जहां से छोटे हेलीकाप्टरों के जरिए यात्रियों को केदारनाथ पहुंचाया जाएगा। वहीं 12 मई से बदरीनाथ धाम के कपाट खुल रहे हैं। उसके बाद रुद्राक्ष की दो धाम की सेवाएं आरंभ हो जाएगी।

22 लाख से अधिक श्रद्धालु कर चुके पंजीकरण

चारधाम यात्रा के लिए अब तक 22 लाख से अधिक श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं। पंजीकरण के आंकड़े को देखते हुए इस बार भी प्रदेश सरकार को चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं का नया रिकॉर्ड बनने की उम्मीद है।

98964

You may also like