लॉकडाउन: करोड़ों खर्च होने पर भी कभी इतनी साफ नहीं दिखी यमुना

April 6, 2020 | samvaad365

कोरोना वायरस के चलते पिछले कई दिनों से दुनियाभर के तमाम देश लॉकडाउन हैं। लॉकडाउन में लोगों को कुछ परेशानियां ज़रुर हो रही हैं लेकिन इसके कुछ पॉजिटिव इफेक्ट्स भी अब देखने को मिल रहे हैं। जी हां हम बात कर रहे हैं सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होती लॉकडाउन के बाद यमुना नदी की। यमुना नदी वो नदी है जिसकी सफाई के लिए सरकार करोड़ों खर्च कर देती थी लेकिन फिर भी सफल नहीं हो पा रही थी। और देश में हुए लॉकडाउन ने यह काम कुछ ही दिनों में कर दिखाया।

दरअसल देश भर में गैर ज़रूरी उत्पादों के निर्माण पर रोक है। जिसके चलते तमाम फैक्ट्रियां बंद हैं और परिणाम आपके सामने है। नदियों में आने वाला कल कारखानों का कचरा अब यमुना को प्रदूषित नहीं कर रहा है। और अब देश की राजधानी में बह रही इस नदी का पानी भी बेखौफ सांस ले पा रहा है। लॉकडाउन की वजह से यमुना नदी काफी हद तक स्वच्छ नज़र आ रही है। सोशल मीडिया पर कई लोग खुशी के साथ ये तस्वीरें शेयर कर रहे हैं। इसके साथ ही कुछ लोग लिख रहे हैं कि प्रकृति अपने आप ही खुद को बेहतर बना रही है। कुछ लोग संदेश दे रहे हैं कि इन बदलावों से हमें सीख लेनी चाहिए। बिल्कुल यमुना नदी की इन तस्वीरों को देखकर हैरत होना तो लाजमी है क्योंकि लम्बे समय से इसे स्वच्छ कर पाना एक संवेदनशील मुद्दा था। यह बदलाव न केवल यमुना नदी बल्कि देशभर की तमाम नदियों में देखने को मिल रहा है।

इसके साथ ही लॉकडाउन से पर्यावरण में भी खासा बदलाव देखा जा रहा है। इन फैक्ट्रियों से और वाहनों से निकलने वाला धुआं आजकल लगभग शून्य है। यानि की हवा साफ हो रही है, स्वच्छ हो रही है। पर्यावरण में जो प्रदूषण फैला था वो खुद ही कम हो गया। जिसकी वजह से विजिबिलीटी बढ़ गई है यानि कि आप दूर तक चीज़ों को साफ देख सकते हैं। हाल ही में सोशल मीडिया में सामने आई एक तस्वीर में हिमाचल प्रदेश के पहाड़ 200 किलोमीटर दूर से भी दिख रहे थे। पंजाब की हवा की गुणवत्ता में सुधार की वजह से हिमाचल प्रदेश के हिमालय पर्वत स्थित धौलाधार रेंज को जालंधर से देखा गया। कई लोगों ने इन तस्वीरों को सोशल मीडिया पर भी साझा किया।
यह कहा जा सकता है कि लॉकडाउन का सबसे ज्यादा फायदा प्रकृति और पर्यावरण को ही हुआ। कुल मिलाकर लॉकडाउन का सबसे ज्‍यादा फायदा पर्यावरण को ही हुआ है। और वाकई मानव जाति को इन सबसे सबक ज़रूर लेना चाहिए।

(संवाद 365/पुष्पा पुंडीर )

https://youtu.be/VxpG7mN0B8E

यह खबर भी पढ़ें-जम्मू कश्मीर: मुठभेड़ में उत्तराखंड के दो लाल शहीद

 

48404

You may also like