भारी बारिश से थमी मुंबई की रफ्तार, अगले 48 घंटे होंगे भारी

July 2, 2019 | samvaad365

मुंबई: मुंबई में लगातार हो रही बारिश अब लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। लोग जहां इंद्रदेव से मौसम में ठंडक लाने की प्रार्थना कर रहे थे वहीं मुंबई पर ये राहत की बारिश आफत बनकर टूट पड़ी है। आलम ये है कि हर कोई अब इस बारिश से परेशान हो चुका है। मुंबई पूरी तरह पानी-पानी हो चुकी है। वहीं भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 48 घंटे के लिए मुंबई में भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के मुताबिक, मुंबई और उपनगरीय भागों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। ऐसी ही स्थिति विदर्भ और मराठवाड़ा के लिए भी है। वहीं, भारी बारिश की चेतावनी के बाद से पर्यटकों को पहाड़ी क्षेत्रों पर न जाने की सलाह दी गई है, और स्थानीय लोगों को भी घर से बाहर न निकलने को कहा गया है।

मायानगरी के अंधेरी, वर्सोवा, बोरिवली, कुर्ला यहां तक की मुंबई के हर छोटे बड़े इलाके में कई फीट तक पानी भर गया है। बिगड़े मौसम के मिजाज को देखते हुए मुंबई एयरपोर्ट के मेन रनवे को बंद रखा गया है, कई फ्लाइट्स का समय भी बदल दिया गया है और कुछ फ्लाइटों को रद्द भी कर दिया गया है।

वहीं कई ट्रेने भी रद्द कर दी गई हैं। सड़कों पर जलभराव की वजह से जगह जगह जाम का झाम लगा हुआ है। ऐसे में महाराष्ट्र सरकार की तरफ से मुंबई में दो दिनों की सरकारी छुट्टी का ऐलान कर दिया गया है। इतना ही नहीं सभी स्कूल कॉलेजों को बंद कर दिया गया है। लोगों से कहा जा रहा है कि वह घर से बाहर ना निकलें।

बारिश मायानगरी पर एक काल की तरह बरस रही है। बारिश की वजह से लोगों को अपनी जिंदगी से भी हाथ धोना पड़ रहा है। दरअसल, मलाड के पास सबवे में सोमवार देर रात एक गाड़ी फंस गई थी, जिसमें फंसने की वजह से दो युवकों की मौत हो गई। बीती रात मलाड सबवे में पानी भरा हुआ था, जिसमें एक स्कॉर्पियो भी फंस गई थी। पानी इतना ज्यादा था कि ना तो दरवाजा खुल सका और ना ही खिड़की। इसी वजह से दो युवक पानी में फंस गए थे और अपनी जान गंवा बैठे। आपको बता दें कि बारिश की वजह से सोमवार देर रात को मुंबई, पुणे और कल्याण में बिल्डिंग गिरने की वजह से 27 लोगों की मौत हो गई थी। अभी भी कई लोग घायल हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह खबर भी पढ़ें-अलकनंदा नदी के बीचों बीच फंसी रही गाय… दो दिन बाद किया गया रेस्क्यू

यह खबर भी पढ़ें-अलर्ट..! अगले 72 घंटों में मानसून पकड़ेगा रफ्तार… चल सकती है तेज आंधी

संवाद365/काजल

39033

You may also like