बच्ची को गोद में लिए आर्डर डिलीवरी करने पहुंची इस महिला का वीडियो वायरल, जोमैटो ने किया ये कमेंट

August 23, 2022 | samvaad365

एक बच्ची गोद में, दूसरा बच्चा भी साथ और फिर भी ऑर्डर पहुंचाने में पूरी तरह से तत्पर। यह कहानी है उस डिलीवरी वुमन की जिसका वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फूड ब्लॉगर सौरभ पंजवाणी महिला का वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया था। इसके बाद तमाम यूजर्स उस महिला के हौसले और कमिटमेंट की तारीफ कर रहे हैं। सिर्फ इतना ही नहीं, खुद जोमैटो ने भी कमेंट करके फूड ब्लॉगर से महिला के बारे में डिटेल मांगी है। फूड ब्लॉगर सौरभ पंजवाणी ने जोमैटो से खाना ऑर्डर किया था। डिलीवरी लेकर पहुंची महिला को देखकर सौरभ भी हैरान रह गए। उनकी हैरानी की वजह थी, महिला का वर्क कमिटमेंट। एक छोटी बच्ची महिला की गोद में थी। उसका दूसरा बच्चा भी साथ में था, इसके बावजूद वह बिना किसी शिकायत के पूरी शिद्दत के साथ अपने काम को अंजाम दे रही थी।

यह वीडियो खूब वायरल हो रहा है। इसे 10 लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं और बड़ी संख्या में लोगों ने कमेंट्स भी किए हैं। वीडियो पर जोमैटो ने भी कमेंट किया है। इस कमेंट में जोमैटो ने महिला की कांटैक्ट डिटेल मांगी है, ताकि वह उसके बच्चों की मदद कर सके। जोमैटो की तरफ से किए गए कमेंट में लिखा गया है कि कृपया प्राइवेट मैसेज में ऑर्डर डिटेल शेयर करें। हम अपने इस डिलीवरी पार्टनर तक पहुंचना चाहेंगे और उनकी मदद भी करना चाहेंगे।

संवाद 365, दिविज बहुगुणा
80448

You may also like