नहीं रहे रामायण में ‘सुग्रीव और बालि’ का किरदार निभाने वाले कलानी

April 10, 2020 | samvaad365

लॉकडाउन के बीच जहां देश के लगभग हर घर में दूरदर्शन के नेशनल टीवी पर सभी ‘रामायण’ का आनंद ले रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर रामायण में जुड़वा भाई सुग्रीव और बालि का किरदार निभाने वाले श्याम सुंदर कलानी के निधन की खबर ने अचानक सबको मायूस कर दिया है। मिली जानकारी के अनुसार श्याम सुंदर कलानी ने पंचकूला के नजदीक कालका में 8 अप्रैल को अंतिम सांस ली थी। वह लंबे समय से कैंसर से जिंदगी की लड़ाई लड़ रहे थे। श्याम सुंदर कलानी के निधन पर रामायण में राम और लक्ष्मण का पात्र निभाने वाले अरुण गोविल और सुनील लहरी ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है।

80 के दशक के प्रसिद्ध धार्मिक धारावाहिक रामायण में सुग्रीव और बालि का किरदार निभाने वाले श्याम कलानी ने अपने अभिनय से लोगों के दिलों को जीत लिया था। और उनका निधन भी ऐसे समय में हुआ जब लॉकडाउन की वजह से लोग घरों में बंद हैं और टीवी पर रामायण का पुन:प्रसारण चल रहा है। ऐसे में श्याम कलानी के निधन से देशवासियों को झटका लगा है। साथ ही साथ लोग उनकी आत्मा की शांति के लिए दुआ भी कर रहे हैं।

रामायण के ‘राम’ अरुण गोविल ने ट्वीट कर दी श्रद्धांजलि

रामायण में राम का पात्र निभाने वाले अरुण गोविल ने ट्वीट कर सुग्रीव यानी श्याम कलानी को श्रद्धांजलि दी है। ट्वीट में उन्होंने लिखा, श्याम कलानी के निधन की खबर सुनकर बहुत दुखी हूं, रामानंद सागर के रामायण में सुग्रीव का किरदार निभाने वाले श्याम कलानी बहुत अच्छी शख्सियत और सज्जन व्यक्ति थे, ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।

‘लक्ष्मण’ बने सुनील लहरी ने किया भावुक ट्वीट

इसके अलावा रामायण में लक्ष्मण बने सुनील लहरी ने भी ट्वीट कर श्याम कलानी को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा, रामायण में हमारे सहयोगी श्याम कालानी के आकस्मिक निधन को सुनकर बहुत दुख और खेद है। रामायण में बालि और सुग्रीव की भूमिका निभाने वाले श्याम कलानी की आत्मा को भगवान शांति दे, साथ ही इस दुख से निकलने के लिए उनके परिवार को शक्ति दे।

श्याम सुंदर कलानी के भांजे कमल मदनानी ने बताया कि वह लंबे समय से कैंसर से जिन्दगी की लड़ाई लड़ रहे थे। दूरदर्शन के प्रसिद्ध धारावाहिक रामायण में सुग्रीव और बालि के किरदार से दर्शकों का दिल जीतने वाले श्याम सुंदर महाभारत में भीम के किरदारन में भी नजर आये थे। कलानी हीर-रांझा, छैला बाबू, त्रिमूर्ति जैसी फिल्मों में भी अभिनय कर चुके थे।

(संवाद 365/ पुष्पा पुंडीर )

यह खबर भी पढ़ें-मित्र पुलिस को सलाम… चंबा के 85 गांवों में खुद पहुंचाया राशन

48486

You may also like