नम आंखों से पूर्व विधायक डॉ मोहम्मद मुस्लिम को किया गया सुपुर्द-ए-खाक

August 30, 2019 | samvaad365

रायबरेली: जनपद अमेठी के विधानसभा क्षेत्र तिलोई से दो बार विधायक रहे डॉक्टर मोहम्मद मुस्लिम का लंबी बीमारी के बाद बृहस्पतिवार को निधन हो गया। डॉक्टर मोहम्मद मूलतः रायबरेली के लालगंज क्षेत्र के बहाई गांव के रहने वाले थे। लगभग 40 साल पहले सीआईडी की नौकरी छोड़ने के बाद रायबरेली के कहारों का अड्डा पर मकान बना कर उन्होंने व्यवसाय में कदम रखा। कुछ दिनों तक उन्होंने रायबरेली के थुलवासा और सातन पुरवा में लोगों का इलाज भी किया। जिससे वह समूचे जनपद में डॉक्टर के नाम से प्रसिद्ध हो गए।

80 के दशक में नगर पालिका अध्यक्ष रायबरेली के चुनाव में मजबूत दावेदारी के साथ डॉक्टर ने अपने राजनैतिक सफर की शुरुआत की। उसके बाद से वह लगातार विभिन्न चुनावों में हिस्सा लेते रहे। इस दौरान 1996 में समाजवादी पार्टी के टिकट पर तिलोई से पहली बार विधायक बने। बाद में उन्होंने कांग्रेस ज्वाइन कर ली और साल 2012 के चुनाव में वह हाथ के पंजे के निशान पर फिर से विधायक बन गए, लेकिन साल 2017 चुनाव के आने से पहले ही उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी और बहन कुमारी मायावती पर आस्था व्यक्त करते हुए बहुजन समाज पार्टी का दामन थामा।  हालांकि बसपा में भी वह बहुत दिन नहीं टिक सके और लोकसभा चुनाव से पहले ही उन्होंने लखनऊ स्थित भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय और कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य की मौजूदगी में अपने समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

उल्लेखनीय है कि डॉक्टर ने शिक्षा के क्षेत्र में भी काफी योगदान दिया। उन्होंने कई छोटे बड़े विद्यालय के साथ ही रायबरेली फैजाबाद रोड स्थित लालू पुर गांव के पास मरियम बीबी इंस्टिट्यूट के नाम से 1 डिग्री कॉलेज की भी स्थापना की है। लेकिन इधर कुछ दिनों से स्वास्थ्य खराब होने के चलते डॉ राजनीति में बहुत ज्यादा दिलचस्पी नहीं रख रहे थे। विगत 1 महीने से दिल की बीमारी का ज्यादा प्रभाव पड़ने के बाद उन्हें लगातार लखनऊ जाना पड़ रहा था। लगभग 10 दिन पूर्व वह लखनऊ के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती हुए थे। गुरुवार को रात लगभग 2:30 बजे उन्होंने लखनऊ के चंदन में अस्पताल में अंतिम सांस ली। जिसके बाद उनके समर्थकों का कहारों का अड्डा स्थित आवास पर तांता लग गया। दोपहर को राज्यमंत्री मोहसिन रजा ने भी भाजपा नेता अतुल सिंह के साथ डाक्टर के आवास पहुंच कर शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। देर शाम लगभग 5:00 बजे असर की नमाज़ पढ़ कर ईदगाह डबल फाटक पर डॉक्टर की नमाजे जनाजा अदा की गई। उसके बाद कब्रस्तान मर्दा शहीदा में उन्हें हजारों सोगवारों की मौजूदगी में सुपुर्द ए खाक किया गया। इस अवसर पर रायबरेली के साथ-साथ बहांई और तिलोई विधानसभा क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में गणमान्य मौजूद रहे।

यह खबर भी पढ़ें-रात दो बजे घर में घुसा कातिल… दंपति पर चलाई गोली… पत्नी की मौत, पति की हालत गंभीर

यह खबर भी पढ़ें-बागेश्वरः पिथौरागढ़ ने पौड़ी को 4-2 से हराया

संवाद365/सेराज अहमद

40899

You may also like