आप की सरकार बनते ही आंदोलनकारियों की मांगें होंगी पूरी,शहीदों के सपने होंगे साकार – कर्नल कोठियाल

October 2, 2021 | samvaad365

आप के वरिष्ठ नेता कर्नल कोठियाल ने प्रेस बयान जारी करते हुए ,रामपुर तिराहा कांड के शहीदों को नमन किया। उन्होंने आगे कहा कि, जिन शहीदों की शहादत की बदौलत हमें पृथक राज्य मिला ,आज 27 साल बीतने के बावजूद भी अभी तक राज्य के आंदोलनकारियों और रामपुर तिराहा कांड में हुए शहीदों को न्याय नहीं मिल पाया है। रामपुर तिराहा कांड के गुनहगारों को आजतक भी सजा नहीं मिल पाई है। कांग्रेस और बीजेपी दोनों ही दलों की उत्तराखंड में सरकारें रही हैं ,लेकिन दोनों ही दल आजतक आंदोलनकारियों और शहीदों के परिजनों को न्याय दिलाने में नाकाम ही साबित हुए।उन्होंने कहा कि हम उत्तराखंड के राज्य आंदोलनकारियों की मांगों को जायज मानते हुए उनका पूर्ण समर्थन करते हैं। कर्नल कोठियाल ने कहा कि जिन सपनों को लेकर इस पृथक राज्य का सपना देखा गया था और लडाई लडी गई थी ,वो सपना आज तक साकार नहीं हो पाया है। आज भी प्रदेश विकास से कोंसों दूर है। उत्तराखंड आंदोलन में अपनी जान की बाजी लगाने वाले आंदोलनकारी आज तक चिन्हित नहीं हुए हैं ,इससे बडे दुर्भाग्य की बात और क्या हो सकती है।

उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि, एक दिन शहीदों को याद करने से शहीदों की आत्मा को शांति नहीं मिलेगी। उनके दोषी आज भी जेल की सलाखों के पीछे नहीं पहुंचे हैं ,जिससे आंदोलनकारी और शहीदों के परिजन व्यथित है। उन्होनें आगे कहा कि, एक आंदोलन पृथक राज्य पाने के लिए लड़ा गया था और अब एक बार फिर से एक और आंदोलन को लड़ने की जरुरत आन पडी है। यह आंदोलन राज्य की मांग को लेकर शहीद हुए आंदोलनकारियों के सपनों को सच करने के लिए लड़ा जाएगा। आप पार्टी यह आश्वासन देती है कि आंदोलनकारी और शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बना कर रहेगी।

उन्होंने आगे कहा कि, प्रदेश में चाहे सरकार कांग्रेस की रही हो या बीजेपी की दोनों सरकारों ने ही आंदोलनकारियों के साथ भेदभाव करने का काम किया है। आंदोलनकारी आज भी अपनी मांगों को लेकर कई मर्तबा आंदोलन कर चुके हैं लेकिन उन्हें हर बार सरकार द्वारा झुनझुने का आश्वासन दे दिया जाता है । उन्होंने कहा कि आंदोलनकारियों की एक समान पेशन की मांग,चिन्हिकरण की मांग,रामपुर तिराहा कांड के दोषियों को सजा,जैसी प्रमुख मांगे हैं जिनपर सरकार आजतक कोई फैसला नहीं ले पाई। लेकिन आप की सरकार बनते ही सभी आंदोलनकारियों की मांगों को पूरा किया जाएगा ,जो दोषी हैं उनको जरुर सजा दिलाई जाएगी और जो सपने इस राज्य के लिए शहीदों और आंदोलनकारियों ने देखे वो सपने आप पार्टी हकीकत में जरुर तबदील करेगी।

संवाद365,डेस्क

67204

You may also like