बागेश्वर: ऐसे कैसे चलेगा…. ऐसे कैसे रहेंगे क्वारंटीन! क्वारंटीन सेंटरों में खुली सुविधाओं की पोल

May 27, 2020 | samvaad365

बागेश्वर: उत्तराखंड में प्रवासियों के आने का सिलसिला जारी है…. प्रवासियों के आने की रफ्तार बढ़ने के साथ जिला प्रशासन के इंतजामों की कलई खुल रही है. संस्थागत क्वारंटीन सेंटरों में बाहरी लोगों को ठहराने के पुख्ता इंतजाम नहीं हैं, यहां तक कि क्वारंटाइन किए लोगों को समय पर भोजन भी नहीं मिल रहा है. बिजली, पानी और शौचालय से संबंधित परेशानी भी उठानी पड़ रही है।

कपकोट तहसील के विभिन्न क्वारंटाइन सेंटरों में प्रवासियों को इसी तरह की बदइंतजामी का सामना करना पड़ा। परेशान प्रवासियों ने प्रशासन की अव्यवस्थाओं का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। इस वीडियो में प्रवासी खाना नहीं दिए जाने, रहने की व्यवस्था नहीं होने, पीने के पानी की समस्या समेत कई आरोप लगाते नजर आए. यहां तक कि जिम्मेदार अधिकारियों ने परेशान लोगों की समस्याएं सुनने तक की जहमत नहीं उठाई। इसके चलते कई लोग नियमों को ताक पर रखकर क्वारंटाइन केंद्रों से बाहर भी निकल आए। उन्होंने प्रशासन की तैयारियों पर सवाल खड़े किए और गहरी नाराजगी जताई.

वहीं प्रवासियों का ये भी आरोप है कि सुबह के समय क्वारंटाइन किए लोगों को पेंट करने की गंदी बाल्टी में चाय सर्व की गई। इसके साथ उन्हें खुली नमकीन दी गई। इससे पहले बिलौना में भी महाराष्ट्र से आए प्रवासियों को 23 मई की रात को कच्चा खाना परोसने की शिकायत आई थी। सोशल मीडिया पर प्रवासियों की अव्यवस्थाओं पर डीएम  रंजना राजगुरु ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने एडीएम राहुल कुमार गोयल को तत्काल क्वारंटाइन सेंटरों के निरीक्षण करने के निर्देश दिए। नोडल अधिकारी रमेश चंद्र मौर्या को भविष्य में इस तरह की लापरवाही करने पर सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी। डीएम ने कहा कि जिम्मेदार अधिकारी की शिकायत आने पर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

बहरहाल डीएम ने संज्ञान ले लिया है… अब सभी अधिकारियों को चेतावनी भी दे दी गई है लेकिन एक बात तो साफ है कि प्रवासियों को क्वरंटीन करने की बात भले ही की जा रही हो लेकिन संख्या बढ़ते ही, प्रशासन के पुख्ता इंतजामों की पोल भी खुल गई है… अब ऐसे में क्वारंटीन रहकर भी प्रवासी क्या कर लेंगे जब उन्हें मूलभूत सुविधाएं मिलेंगी ही नहीं।

यह खबर भी पढ़ें-कौशांबी: सिराथू रेलवे स्टेशन पहुंची श्रमिक स्पेशल ट्रेन… 67 प्रवासी लौटे अपने घर

संवाद365/हिमांशु गढ़िया

50213

You may also like