CNG वाहन चालकों पर पड़ी महंगाई की मार, लगातार बढ़ रहे दाम

October 7, 2022 | samvaad365

सीएनजी से वाहन चलाने वालों पर एक बार फिर महंगाई की मार पड़ी है। दून में सीएनजी अब पेट्रोल-डीजल से भी महंगी हो गई। इसके रेट 97 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं।सीएनजी की कीमतों में इस हफ्ते लगातार दूसरी बढ़ोतरी हुई है।

एक सप्ताह के भीतर सीएनजी के रेट में छह रुपये का इजाफा किया गया है। इससे पहले, 30 सितंबर को भी तीन रुपये की बढ़ोतरी हुई थी, जिस कारण सीएनजी के रेट 91 से 94 रुपये किलो हो गए थे। अब दोबारा तीन रुपये बढ़ाए गए हैं। पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों के बीच हजारों लोग सीएनजी से वाहन चला रहे हैं। लेकिन, सीएनजी अब पेट्रोल-डीजल से भी महंगी होती जा रही है। लिहाजा, जिन लोगों ने महंगाई के चलते वाहनों में सीएनजी किट लगवाई है, वो परेशान हैं।

रोजाना होती है हजारों किलो की खपत

देहरादून में वर्तमान में सीएनजी की सात हजार से दस हजार किलो तक रोजाना खपत होती है। बीते महीने तेल कंपनियों ने सीएनजी के रेट में आठ रुपये की कटौती की थी। दो बार दाम बढ़ाकर जेब पर बोझ डाल दिया गया है। सीएनजी के दाम बीते दो साल से लगातार बढ़ रहे हैं, अगस्त में ही इसके रेट में कटौती की गई थी।

गेल गैस लिमिटेड के जनरल मैनेजर मीनाक्ष त्रिपाठी ने कहा- सरकार ने 30 सितंबर से गैस के दाम में बढ़ोतरी की है, जिसके चलते सीएनजी के दाम बढ़ गए हैं। रुपये के मुकाबले डॉलर के लगातार महंगे होने से भी गैस के दाम में इजाफा हो रहा है।

दून में 25 हजार वाहन CNG

जानकारी के अनुसार, शहर में पेट्रोल के दाम 95.28 रुपये और डीजल के दाम 90.29 रुपये प्रति लीटर चल रहे हैं। लंबे समय से दोनों के दाम स्थिर हैं। दूसरी ओर, सीएनजी के दाम बढ़ने से उपभोक्ता परेशान हैं। बता दें दून आरटीओ में 13 लाख दोपहिया और चौपहिया पंजीकृत हैं। इनमें से करीब 25 हजार वाहन सीएनजी से पंजीकृत हैं।

संवाद 365, दिविज बहुगुणा

ये भी पढ़ें : भाजपा प्रवक्ता नेहा शर्मा ने कांग्रेस प्रवक्ता गरीमा दसौनी के खिलाफ की शिकायत, SSP को सौंपा पत्र

81902

You may also like