आगामी 10 सालो में उत्तराखण्ड को हर क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाया जायेगा- सीएम

September 20, 2021 | samvaad365
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पद्चिन्हों पर चलकर किये जा रहे हैं राज्य में विकास कार्य-सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पद्चिन्हों पर चलकर राज्य में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का उत्तराखण्ड के प्रति विशेष लगाव है। उन्होंने कहा कि जब मैं प्रधानमंत्री से मिलने दिल्ली गया तो मुझे मिलने के लिए मात्र 15 मिनट का समय मिला था, लेकिन प्रधानमंत्री जी ने 1घण्टे 40 मिनट तक उत्तराखण्ड से जुड़े अनेक पहलुओं पर बातचीत की। उन्होंने कहा कि राज्य को हरसंभव मदद दी जायेगी। केन्द्र सरकार की विभिन्न योजनाओं को आगे बढ़ाने के साथ ही राज्य में भी अनेक जन कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही है। हमारा लक्ष्य है कि समाज के अंतिम पंक्ति तक खड़े लोगों को सरकार की योजनाओं का लाभ मिले।

यह भी पढ़ेंमसूरी विधानसभा क्षेत्र के लिए मुख्यमंत्री ने की 14 घोषणाएं, जानें क्या होगा मसूरी में नया विकास

रोजगार और स्वरोजगार पर सरकार का विशेष ध्यान

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी राष्ट्र के विकास में  युवाओं  की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। युवाओं को प्रदेश में रोजगार एवं स्वरोजगार के पर्याप्त अवसर मिले इसके लिए राज्य सरकार प्रयासरत है। राज्य में रिक्त पदों  पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। ये भर्ती प्रक्रिया जल्द पूर्ण की जाएगी। स्वरोजगार पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास सरकार का मूलमंत्र  है। जन समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए अधिकारियों को प्रत्येक कार्यदिवस में प्रातः 10 से 12 बजे तक जन समस्याओं को सुनकर उनका समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यों के सरलीकरण, समाधान निस्तारण एवं उनकी संतुष्टि भी हो, इस पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को जिलों में शिविरों के माध्यम से आम जनमानस तक पहुंचाया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश को अगले 10 सालों में विभिन्न क्षेत्रों में  शिक्षा, चिकित्सा, पर्यटन, कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्रों में अग्रणी राज्य बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की भूमि हमारे वीर सैनिकों एवं राज्य आन्दोलनकारियों की भूमि है, इनके सपनों के अनुरूप राज्य का विकास हो, इस दिशा में राज्य सरकार द्वारा विशेष प्रयास किये जा रहे हैं।

देवभूमि एवं वीरभूमि उत्तराखण्ड के सर्वांगीण विकास के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध- सैनिक कल्याण मंत्री

सैनिक कल्याण मंत्री  गणेश जोशी ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र के लिए सीएम द्वारा की गई घोषणाओं के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश प्रगति के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड देवभूमि के साथ वीरभूमि भी है। देश की रक्षा के लिए हमारे जवानों ने हमेशा अपना सर्वस्व दिया है। युद्ध में किसी भी सैनिक या अर्द्धसैन्य बलों के जवानों की वीरगति होने पर राज्य सरकार द्वारा उनके एक आश्रित को उनकी शैक्षिक योग्यता के आधार पर राज्याधीन सेवाओं में नौकरी दी जा रही है। सैनिकों के कल्याण के राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण मौजूद थे।

संवाद365,डेस्क

66468

You may also like