देहरादून: लॉकडाउन के बीच एक विवाह ऐसा भी… मां बनी बराती… शादी में कुल पांच लोग हुए शामिल

April 17, 2020 | samvaad365

देहरादून: कोरोना महामारी के चलते देशभर में लॉकडाउन है। लोगों के सहयोग से लॉकडाउन असरदार साबित हो रहा है। लोग सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा ख्याल रख रहे हैं। वहीं सरकार द्वारा ज्यादा जरूरी होने पर ही विवाह किए जाने को कहा गया था, जिसमें कम से कम लोग ही शामिल हों। सरकार और समाज को ध्यान में रखते हुए देहरादून में एक विवाह बेहद सादगी के साथ संपन्न किया गया। जिसमें दूल्हे की तरफ से केवल दूल्हे की मां बराती बनकर पहुंची। वहीं दुल्हन की तरफ से सिर्फ माता पिता ही शादी समारोह में शामिल हुए। गोविंदगढ़ के प्रकाश नगर में रहने वाली मंजू गुप्ता के बेटे आलोक की शादी तिलक रोड निवासी अमित जैन की बेटी महक से तय हुई थी। दोनों के विवाह के लिए 16 अप्रैल की तारीख तय की गई थी। इसके लिए क्लेमेनटाउन में एक वेडिंग प्वाइंट भी बुक कर लिया गया था। शादी के कार्ड छपवाने की तैयारी चल रही थी, तभी लॉकडाउन लागू हो गया। जिसके बाद इस शादी को बहुत शांत तरीके से संपन्न किया गया। पूरी तरह से सेनिटाइजेशन के बाद दूल्हा-दुल्हन ने मास्क लगाकर फेरे लिए। इस शादी में सिर्फ पांच लोग ही शामिल हुए। शारीरिक दूरी का भी पूरा ध्यान इस शादी में रखा गया। वहीं दोनों परिवारों ने बताया कि विवाह समारोह से संबंधित अन्य कार्यक्रम लॉकडाउन खत्म होने के बाद संपन्न होंगे।

यह खबर भी पढ़ें-बलिया: बीजेपी सांसद वीरेंद्र मस्त का बयान… भारत में कोरोना अंतरराष्ट्रीय साजिश

यह खबर भी पढ़ें-हमीरपुर: कोरोना योद्धाओं को सलाम… फूलों के साथ किया पुलिसकर्मियों का स्वागत

संवाद365/काजल

48658

You may also like