दुखद : मशहूर कथक डांसर पंडित बिरजू महाराज का रविवार देर रात निधन, पीएम सहित कई हस्तियों ने दी श्रद्धांजलि

January 17, 2022 | samvaad365

मशहूर कथक डांसर पंडित बिरजू महाराज का रविवार देर रात निधन हो गया है । उन्होनें  कथक के जरिए देश और विदेशों में अपनी अमिट छाप छोड़ी थी । उनके इस तरह से विदा लेने की वजह हार्ट अटैक बताई गई है। उनके निधन की जानकारी उनके पोते स्वरांश मिश्रा ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी। बता दे की पिछले एक महीने से उनका इलाज चल रहा था। बीती रात उन्होंने खाना खाया और कॉफी पी थी। इसी बीच उन्हें सांस लेने में तकलीफ हुई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। वहां उन्‍हें बचाने की काफी कोशिश की गई, लेकिन उन्हें बचाया ना जा सका।

कई प्रसिद्ध फिल्मों में किया था कोरियोग्राफ 

पंडित बिरजू महाराज ने डेढ़ इश्किया, देवदास, उमराव जान और बाजी राव मस्तानी जैसी कामयाब और हिंदी सिनेमा में मील का पत्‍थर मानी जाने वाली फिल्मों के लिए डांस कोरियोग्राफ किया था।पंडित बिरजू महाराज लखनऊ घराने से ताल्लुक रखते थे। उनका जन्‍म 4 फरवरी 1938 को लखनऊ में हुआ था। उनका असली नाम पंडित बृजमोहन मिश्र था। ये कथक नर्तक होने के साथ साथ शास्त्रीय गायक भी थे ।

राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार के अलावा मिले कई अवार्ड

2012 में फिल्‍म विश्वरूपम में डांस कोरियोग्राफी के लिए उन्‍हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। इसके अलावा बाजीराव मस्तानी के ‘मोहे रंग दो लाल’ गाने की कोरियाग्राफी के लिए उन्‍हें वर्ष 2016 में फिल्मफेयर पुरस्कार मिला था ।पंडित बिरजू महाराज को संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार और कालिदास सम्मान समेत ढेरों सम्‍मान से नवाजा जा चुका था। इसके अलावा उन्‍हें काशी हिन्दू विश्वविद्यालय और खैरागढ़ विश्वविद्यालय ने बिरजू महाराज को डाक्टरेट की मानद उपाधि भी दी थी ।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, पीएम मोदी सहित तमाम बड़ी हस्तियों ने पंडित बिरजू महाराज के निधन पर गहरा शोक जताया है । संवाद365 भी मशहूर कथक डांसर पंडित बिरजू महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित करता है ।

संवाद365,डेस्क

 

 

 

71557

You may also like