आफत की बारिश:सोनप्रयाग में केदारनाथ यात्रा रोकी,जगह-जगह फंसे तीर्थ यात्री

May 24, 2022 | samvaad365

उत्तराखंड में हो रही बारिश का असर चारधाम यात्रा पर भी देखने को मिल रही है। बारिश के बाद केदारनाथ यात्रा रोक दी गई है। तीर्थ यात्रियों को सोनप्रयाग में रोक दिया गया है। फाटा और गौरीकुंड से हेली सेवा भी बाधित रही। रुद्रप्रयाग के सर्किल ऑफिसर प्रमोद घिल्डियाल ने कहा खराब मौसम की वजह से यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर यात्रा को रोका गया है।

बारिश के कारण छह घंटे हेली सेवाएं रही बंद
सोमवार को मौसम खराब होने के कारण केदारनाथ के लिए हेलीकॉप्टर सेवाएं करीब 6 घंटे बंद रही। हालांकि 1 बजे बाद मौसम ठीक होने पर दोबारा हेली सेवाएं संचालित हुई। इस बीच एक कंपनी का हेलीकॉप्टर घंटों केदारनाथ में ही फंसा रहा जो 1 बजे मौसम खुलने के बाद वापस लौटा।

इस बार मौसम केदारनाथ यात्रा में परेशानियां पैदा कर रहा है। बीते कई दिनों से हो रही बारिश से एक ओर यात्रियों की मुश्किलें बढ़ रही है वहीं हेलीकॉप्टर कंपनियों की भी परेशानियां बढ़ रही है। सोमवार को सुबह 6 बजे से ही घाटी में मौसम पैक हो गया। हालांकि एक हेलीकॉप्टर सुबह 6 बजे करीब केदारनाथ तो पहुंच गया किंतु वापस आने के लिए मौसम बाधा बना और घंटों धाम में ही फंसा रहा।

सुबह से दोपहर एक बजे से मौसम खराब होने के कारण केदारनाथ के लिए हेलीकॉप्टर सेवा संचालित नहीं हो पाई। इस कारण बड़ी संख्या में यात्रियों को हेलीपैडों में इंतजार करना पड़ा। सभी 9 कंपनियों के हेलीकॉप्टर 6 घंटे तक आराम करते रहे। सेक्टर अधिकारी हेलीपैड केदारनाथ भूपेंद्र बिष्ट ने बताया कि 1 बजे बाद हेलीकॉप्टर सेवा संचालित होने लगी। सुबह मौसम खराब होने से हेलीकॉप्टर सेवाएं बाधित रही।

खराब मौसम के कारण यात्रियों ने उठाई परेशानी
खराब मौसम और लगातार बारिश के चलते सोमवार को सोनप्रयाग में करीब तीन घंटे यात्रियों को सुरक्षा की दृष्टि से रोका गया। हालांकि प्रशासन के मुताबिक दोपहर बाद मौसम ठीक होते ही अधिकांश यात्रियों को केदारनाथ भेज दिया गया। इधर, मौसम के अर्लट को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पैदल मार्ग पर आवाजाही कराई जा रही है।

सोमवार मुख्यालय सहित अनेक स्थानों पर बारिश हुई। सोनप्रयाग और गौरीकुंड में भी बारिश से यात्रियों को परेशानियां उठानी पड़ी। सुबह आठ बजे तक साढ़े 8 हजार यात्री केदारनाथ रवाना हो गए थे जबकि बारिश को देखते हुए साढ़े 9 बजे सोनप्रयाग से यात्रियों की आवाजाही रोक दी गई। जबकि केदारनाथ से आने वाले यात्रियों को नीचे आने की इजाजत दी गई। बारिश से यात्रा मार्ग पर किसी तरह की दुर्घटना न हो इसलिए यात्रियों को सोनप्रयाग में ही रहने की सलाह दी गई।

हालांकि इससे पहले ही सोनप्रयाग और सीतापुर में करीब 4 हजार यात्री होटलों में कमरा लेकर ठहरे हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि मौसम खराब होने के कारण यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सोनप्रयाग में कुछ देर यात्री रोके गए किंतु मौसम साफ होते ही फिर से उन्हें केदारनाथ रवाना किया गया।

बदरीनाथ में बारिश से बढ़ी ठिठुरन
बदरीनाथ व हेमकुंड से लेकर चमोली जिले में अधिकांश स्थानों पर मौसम का मिजाज बिगड़ा रहा। सोमवार को बदरीनाथ में बारिश और पहाड़ियों पर हल्का हिमपात हुआ। हिमपात के बाद क्षेत्र के तापमान में भारी गिरावट आ गई है। हेमकुंड में भी ठंड बढ़ गई है। गोपेश्वर समेत अन्य इलाकों में सुबह से ही बारिश के कारण तापमान लुढ़का रहा। इस कारण धाम में ठंड बढ़ गई है। अपराह्न बाद बारिश थमी। इसके बाद श्रद्धालुओं ने लाइन में लगकर भगवान बदरीविशासल के दर्शन किए।

संवाद 365, डेस्क

यह भी पढ़ें- पिथौरागढ़: थल डीडीहाट मार्ग पर कार दुर्घटना में एसएसबी के 02 जवानों की मृत्यु

 

76306

You may also like