कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना का सरकार पर हमला,भाजपा ने छह वर्षों में उत्तराखंड को बनाया अवैध खनन प्रदेश

March 21, 2023 | samvaad365

देहरादून  –  उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य सूर्यकांत धस्माना ने कैग रिपोर्ट को आधार बनाते हुए राज्य की भाजपा सरकार को आकंठ भ्रस्टाचार में डूबा होने व अवैध खनन से प्रदेश को अरबों रुपये का नुकसान पहुंचा कर प्रदेश को अवैध खनन प्रदेश में तब्दील करने का आरोप लगाया । आज अपने कैम्प कार्यालय ईसी रोड में प्रेस से बातचीत में श्री धस्माना ने कहा कि कैग ने अवैध खनन के बारे में जो खुलासा किया है वो न केवल हैरान करने वाला है बल्कि इससे राज्य के पूरे भ्रष्टाचार में डूबे होने की पुष्टि होती है। श्री धस्माना ने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार के संरक्षण में हज़ारों सरकारी, गैर वाणिज्यकर वाहन, एम्बुलेंस, शव वाहन , ट्रैक्टर यहां तक की ई रिक्शा व दुपहिया वाहनों के फर्जी नम्बरों वाली गाड़ी में लाखों मैट्रिक तन अवैध खनन सामग्री ढोई गयी लेकिन भाजपा सरकार के खनन विभाग, पुलिस, परिवहन विभाग , जीएसटी विभाग किसी के कानों में जूं तक नहीं रेंगी। श्री धस्माना ने कहा कि कैग ने तो वो खुलासा किया जो पकड़ में आया वास्तविक आंकड़ा तो इससे कई गुना अवैध खनन का है।

श्री धस्माना ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से पूछा कि वे राज्य की जनता को ये बताएं कि 2016-17 में जब प्रदेश के पास सैटलाइट आधारित केंद्रीय खनन ब्यूरो की खनन निगरानी प्रणाली जो प्रदेश में खनन गतिविधियों की पूर्ण जानकारी उपलब्ध करा सकती है वो आ चुकी थी तो उसका आज तक उपयोग क्यों नहीं किया गया । श्री धस्माना ने कहा कि जिस प्रदेश को धामों का , तीर्थ का, पर्यटन का, जैविक खेती का, हर्बल का प्रदेश होना चाहिए था वो प्रदेश भाजपा की कृपा से आज अवैध खनन प्रदेश बन गया है। श्री धस्माना ने कहा कि आश्चर्य की बात यह है कि यह सब अवैध धंधा सरकार के विभागों के अधिकारियों की देख रेख में चल रहा है। श्री धस्माना ने कहा कि सरकार को कैग रिपोर्ट में आई भ्रष्टाचार की इस कहानी पर अपना स्पष्टीकरण देना चाहिए। कांग्रेस इस भ्रस्टाचार के खिलाफ अपनी मुहीम जारी रखेगी।

86582

You may also like