आम आदमी पार्टी के सीएम उम्मीदवार रहे अजय कोठियाल के भाजपा में शामिल होने पर आप ने साधा निशाना

May 26, 2022 | samvaad365

राज्य में मुख्यमंत्री चेहरा रहे कर्नल कोठियाल पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए । उनके साथ पूर्व प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष भूपेश उपाध्याय और 24 पूर्व पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

कर्नल कोठियाल के इस फैसले पर आम आदमी पार्टी निशाना साधा है। आप नेता जोत सिंह बिष्ट का कहना है कि एक गैर राजनीतिक और फौजी बैकग्राउंड के व्यक्ति को मुख्यमंत्री का चेहरा बनाकर पार्टी ने सम्मानित किया था, पार्टी ने पूरे प्रदेश में उनके हजारों होल्डिंग्स पर उनकी फोटो छाप कर सम्मान और प्रतिष्ठा दी। ऐसे में पार्टी ने उन्हें सम्मान देकर अपना कर्तव्य पूरा किया था। लेकिन अब जब पार्टी बुरे दौर से गुजर रही है, और सभी 70 विधानसभा में हार गई है. ऐसे में समय पर एक सेना के अफसर के रूप में सेना में जिस प्रकार उन्होंने अपनी सेवाएं दी उसी प्रकार यहां पर भी उन्हें जांबाज सिपाही के रूप में डटकर साथ खड़े रहना था। उन्हें सभी 70 विधानसभाओं का दौरा करते हुए पार्टी को फिर खड़ा करने की कोशिश करनी चाहिए थी। लेकिन उन्होंने संघर्ष का रास्ता छोड़कर सत्ता का रास्ता चुन लिया। जोत सिंह बिष्ट ने कहा कि जिस प्रकार कर्नल कोठियाल ने भाजपा ज्वाइन करते हुए आप की कमियां गिनाते हुए भाजपा की उपलब्धियां बताई, उसे देखकर लगता है कि कर्नल कोठियाल जितनी सरलता से अपनी बात आम आदमी पार्टी में कह पाते थे, इतनी सरलता से कर्नल कोठियाल अपनी बात भाजपा में नहीं रख पाएंगे।

संवाद 365, संदीप रावत

यह भी पढ़ें- गोल्डन कार्ड की खामियों से कर्मी नाराज, सरकार को घेरने का बना यह प्लान

76406

You may also like