सोनादेवी सजवाण को गोदाम्बरी देवी का समर्थन

September 24, 2019 | samvaad365

टिहरी: राज्य के त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जिला पंचायत के हिन्दाव  (हड़ियाना ) क्षेत्र से सोनादेवी सजवाण के समर्थन में गोदाम्बरी देवी ने अपना नामांकन नहीं कराने का ऐलान किया है।  इस सीट पर प्रबल दावेदार मानी जा रही गोदाम्बरी देवी ने क्षेत्र के विकास के लिये सोना सजवाण को अपना समर्थन देने की घोषणा करते हुए कहा कि मैंने क्षेत्र की जनता और समर्थकों से मिले सुझाव के बाद चुनाव मैदान में नहीं जाने का निर्णय लिया है। गोदाम्बरी देवी ने कहा कि मैं क्षेत्रवासियों द्वारा मिले सुझाव को सम्मानपूर्वक स्वीकार करती हूं और इस सीट पर बहन सोनादेवी सजवाण को अपना समर्थन घोषित करती हूं।  गोदाम्बरी देवी ने चुनाव मैदान में नहीं जाने के प्रश्न पर कहा कि मैं वैसे भी क्षेत्रीय परम्पराओं का हमेशा आदर करती रही हूं और सामान्य सीट पर चुनाव लड़ कर अपने क्षेत्र के सामान्य वर्ग के हकों को जबरदस्ती छीनना उन्हीं परम्पराओं के विपरीत मानती रही हूं।  गोदाम्बरी देवी ने कहा कि मैं अपनी इस भूमिका के लिये आगामी वर्षों में आरक्षित सीट होने का इंतजार करूंगी।

सोनादेवी सजवाण के समर्थन में गोदाम्बरी देवी ने कहा कि यह क्षेत्र का सौभाग्य ही है कि इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व अब जिला पंचायत अध्यक्ष करेंगी जो क्षेत्र के विकास के लिये महत्वपूर्ण साबित होगा। गोदाम्बरी देवी ने कहा कि  पूरे जिले में बहन सोनादेवी सजवाण का विजय रथ जब उल्लास के साथ आगे बढ़ रहा है, तब एक छोटी बहन के नाते मैं भी अपना समर्थन उन्हें समर्पित करती हूं। गोदाम्बरी देवी ने सोनादेवी सजवाण के प्रचण्ड विजय की शुभकामनाएं व्यक्त की हैं साथ ही समर्थन सुझाव के लिये सभी क्षेत्रवासियों का भी आभार व्यक्त किया है।

यह खबर भी पढ़ें-दो युवकों पर जानलेवा हमला… ग्राम प्रधान सहित तीन लोगों ने किया हमला

यह खबर भी पढ़ें-SC से राज्य सरकार को बड़ा झटका… दो से ज्यादा बच्चों वाले प्रत्याशियों का है मामला…

संवाद365/बलवंत रावत

41827

You may also like