शहीद राजेंद्र सिंह नेगी को सीएम रावत ने दी श्रद्धांजलि

August 20, 2020 | samvaad365

देहरादून :  कश्मीर के गुलमर्ग में पाकिस्तान सीमा पर चौकसी के दौरान लापता हुए 11वीं गढ़वाल रायफल्स के शहीद जवान राजेंद्र सिंह नेगी का पार्थिव शव श्रीनगर से विशेष विमान से बुधवार रात देहरादून स्थित जौलीग्रांट एयरपोर्ट लाया गया था। मंगलवार सुबह शहीद का पार्थिव शरीर अंबीवाला स्थित उनके घर पर लाया गया। जहां शहीद के घरवालों ने उनके अंतिम दर्शन किए। वहीं मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भी शहीद को श्रद्धांजलि देकर नमन किया।

सीएम ने उनके परिवारजनों को ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि हवलदार राजेन्द्र सिंह के पार्थिव देह को ढूंढने में जवानों ने काफी मेहनत की। रक्षा मंत्री एवं सेनाध्यक्ष से भी इस संबंध में बात हुई थी। सीएम रावत इससे पहले भी हवलदार राजेन्द्र सिंह के पिता एवं पत्नी से मिले थे।

वहीं पूर्व सैनिकों, सेना के अफसरों और स्थानीय ने भी शहीद को सम्मानपूर्वक श्रद्धांजलि अर्पित की।

बता दें कि अंतिम दर्शन के बाद शहीद के पार्थिव शरीर को हरिद्वार ले जाया जाएगा जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। आपको बता दें कि बीते 8 जनवरी को 11वीं गढ़वाल रायफल्स के शहीद जवान राजेंद्र सिंह नेगी कश्मीर के गुलमर्ग में पाकिस्तान सीमा पर चौकसी के दौरान लापता हो गए थे। बहरहाल, सीएम रावत ने कहा है कि राज्य सरकार द्वारा शहीद राजेन्द्र सिंह के परिवारजनों को अनुमन्य सहायता राशि दी जायेगी। उनकी पत्नी को उनकी शैक्षिक योग्यता के आधार पर राजकीय सेवा में नौकरी दी जायेगी। संवाद365 शहीद जवान राजेंद्र सिंह नेगी को श्रद्धांजलि अर्पित करता है।

यह खबर भी पढ़ें-चमोली: नंदा लोकजात का पड़ाव नहीं बन पाया देवराड़ा, काफी पहले से स्थानीय लोग कर रहे हैं मांग 

संवाद365/डेस्क

53338

You may also like