थत्यूड़ बाजार समेत दर्जनों गांव चार दिनों से अंधेरे में, बर्फबारी के बाद जलापूर्ति और विद्युत आपूर्ति ठप

January 16, 2022 | samvaad365

धनोल्टी और थत्यूड़ क्षेत्र में बीते चार दिनों से बारिश और बर्फबारी के बाद विद्युत आपूर्ति ठप पड़ी हुई है। जिस कारण लोग मोमबत्ती के सहारे रात गुजार रहे हैं। कड़ाके की ठंड से हालात बहुत खराब हैं। वहीं क्षेत्र में जलापूर्ति भी नहीं हो पा रही है। जिससे लोगों को कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है।
8 जनवरी को जिले में मौसम ने करवट ली थी। बारिश के बाद भारी बर्फबारी से धनोल्टी, बटवालधार, काणताल, कद्दूखाल, सुरकंडा देवी, ठांगधार क्षेत्र में विद्युत लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके साथ ही थत्यूड़ बाजार और निकटवर्ती गांवों में भी इसी लाइन से विद्युत आपूर्ति होती है। जिससे इस क्षेत्र में भी लोग रात अंधेरे में गुजारने को मजबूर हैं। साथ-साथ पेयजल आपूर्ति न होने से भी परेशानी दोगुनी हो गई है। लाइट न होने से लोगों के आवश्यक कामकाज ठप हो गए हैं।

वहीं सर्दी से बचाव के लिए हीटर आदि का भी प्रयोग नहीं कर पा रहे हैं। विद्युत और जलापूर्ति न होने से पर्यटक भी धनोल्टी क्षेत्र में नहीं रूक रहे हैं। जौनपुर ब्लाक के ग्राम खेड़ा, पापरा, भुयांसारी, ठिक्क, किंशु, तेवा, बंगसील, मोलधार, ओंतड़, क्यारी, ख्यार्सी, ललौटना, टिकरी, बंगार, रौतू की बेली, अलमस, भवान, नौघर, थान, मखडेत, भाल, मराड़ सहित थत्यूड़ बाजार में बीते तीन दिनों से विद्युत आपूर्ति बंद हैं। व्यापार मंडल के महामंत्री सुनील भट्ट, राम प्रकाश भट्ट, सुरेंद्र रावत, जगत असवाल, सरदार सिंह रौंछैला ने प्रशासन से विद्युत और पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। इस बाबत ऊर्जा निगम के एई अमित तोमर का कहना है कि विद्युत लाइन भारी बर्फबारी से जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गई थी। विभागीय टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बटवालधार क्षेत्र तक लाइन जोड़ दी गई है। लेकिन अभी कुछ तकनीकी खराबी है। जिसे ठीक करने का प्रयास कर रहे हैं। बुधवार तक थत्यूड़ क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी। वहीं जल संस्थान की अवर अभियंता रवित शाह का कहना है कि पेयजल लाइन सिर्वा तोक से आगे क्षतिग्रस्त है। जिसकी मरम्मत जारी है। जल्द आपूर्ति बहाल की जाएगी।

संवाद365,डेस्क

71537

You may also like