‘टीबी हारेगा, देश जीतेगा’ अभियान से जुड़े पद्मश्री प्रीतम भरतवाण, टीबी के प्रति जागरूकता के लिए गाएंगे गीत

March 24, 2021 | samvaad365

देहरादून: क्षयरोग को पूरे देश से समाप्त किया जा सकें, इसके लिए केंद्र सरकार व स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से संचालित ‘टीबी हारेगा, देश जीतेगा’ अभियान के ब्रांड एंबेसडर गायक पद्मश्री प्रीतम भरतवाण होंगे। यह जानकारी मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अनूप कुमार डिमरी ने पत्रकारवार्ता में दी।

आमजन को क्षय रोग (टीबी) के प्रति जागरूक करने के लिए लोकगायक पद्मश्री प्रीतम भरतवाण गीत गाएंगे. मंगलवार को चंदरनगर स्थित संभागीय प्रशिक्षण केंद्र में टीबी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यशाला में उन्होंने यह बात कही.

भरतवाण ने कहा कि टीबी उन्मूलन जनहित से जुड़ा अभियान है। इसे सफल बनाने के लिए जनसहभागिता अति आवश्यक है। जनता को उनके गीतों से जिस तरह भी लाभ पहुंचे, वह उसके लिए तैयार हैं। इसी क्रम में वह टीबी के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए जल्द ही यूट्यूब पर एक वीडियो संदेश प्रसारित करने के साथ गीत भी गाएंगे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनूप कुमार डिमरी के आग्रह पर उन्होंने देहरादून जिले में टीबी उन्मूलन अभियान का ब्रांड एंबेसडर बनने की भी सहमति दी.

स्वास्थ्य निदेशक डॉ. भारती राणा ने कहा, यह सौभाग्य की बात है कि प्रीतम भरतवाण इस अभियान से जुड़ रहे है। निश्चित तौर पर उनके जुड़ने से टीबी को हराने में हम सफल होंगे। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. सुधीर पांडेय और प्रशिक्षण केंद्र के प्रभारी प्रधानाचार्य डॉ. सुरेंद्र सिंह कंडारी ने टीबी के लक्षण, बचाव व उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में 104 पर फोन कर भी मदद ली जा सकती है.

(संवाद 365/डेस्क)

यह भी पढ़ें- मुंबई: राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने किया उत्तराखंडी फिल्म “बथों” के पहले बैनर का लोकार्पण

59555

You may also like