आईएमए देहरादून में हुई पासिंग आउट परेड, देश की सेना को मिले 325 युवा अफसर

December 12, 2020 | samvaad365

आईएमए देहरादून में पासिंग आउट परेड का आयोजन
उप सेना प्रमुख ने ली परेड की सलामी

भारतीय सैन्य अकादमी देहरादून से अंतिम पग के साथ 325 जेंटलमैन कैडेट्स भारतीय सेना में अफसर बन गए। भारतीय सैन्य अकादमी में शनिवार को पासिंग आउट परेड का आयोजन किया गया। इस परेड में 70 विदेशी कैडेट भी पास आउट हुए। परेड में उप सेना प्रमुख ले जनरल एसके सैनी ने परेड की सलामी ली.

शनिवार सुबह आठ बजकर 45 मिनट पर मार्कर्स कॉल के साथ परेड का आगाज हुआ। कंपनी सार्जेंट मेजर अभिनव कुटलेरिया, सोनू शर्मा, नागवेंद्र सिंह रंधावा, अक्षत कौशल नदीम अहमद वानी और रोहित शर्मा ने ड्रिल स्क्वायर पर अपनी-अपनी जगह ली। आईएमए की इस पासिंग आउट परेड में जेंटलमैन कैडेट्स की परेड से हर कोई मंत्रमुग्ध हो गया। परेड के बाद तीन चिनूक हेलीकाप्टरों से कैडेट्स पर पुष्प वर्षा की गई। वतनदीप सिद्धू को स्वार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया, जबकि मज्जी गिरिधर को स्वर्ण, निदेश सिंह यादव को रजत व शिखर थापा को कांस्य पदक मिला

इस बार परेड पर कोरोना का भी असर देखने को मिला। पूरी परेड के दौरान कोविड नियमों का पालन किया गया। कैडेट्स के साथ साथ अधिकारी भी मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते नजर आए।

(संवाद 365/डेस्क)

यह भी पढ़ें-थराली- स्थानीय समस्याओं के निराकरण के लिए जिलाधिकारी ने बैठकों का दौर किया शुरू

56564

You may also like