ग्रामीणों ने बच्चा चोरी कर रही महिला को पकड़ा

August 31, 2019 | samvaad365

कौशांबी: बच्चा चोरी की अफवाहों से कौशांबी जनपद भी अधूरा नहीं रहा। जिले के सैनी कोतवाली अंतर्गत कोरिया गांव में एक संदिग्ध महिला पर बच्चा चोरी करने का प्रयास करने का आरोप लगा है। आरोप है कि महिला ने दस वर्षीय एक लड़की को नशीला पदार्थ सूंघाकर उसे चुराने की कोशिश की है। महिला बच्ची को अपने साथ ले जाती उससे पहले ग्रामीणों ने उसे दौड़कर दूसरे गांव के नजदीक पकड़ लिया। बेहोश बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि महिला को पुलिस ने थाने में बैठा रखा है।

सैनी कोतवाली के कोरिया गांव निवासी स्वर्गीय इंदल की दस वर्षीय पुत्री पुष्पा पड़ोस की कुछ लड़कियों के साथ गांव के बाहर बकरी चरा रही थी। इसी दौरान एक बुजुर्ग महिला वहां पहुंची और बच्चियों से बात करने लगी। आरोप है कि बुजुर्ग महिला ने पुष्पा को कोई नशीला पदार्थ सुंघा दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। जब साथ के बच्चों ने शोर मचाया तो बुजुर्ग महिला वहां से भागने लगी। खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने दौड़कर महिला को पास के गांव के बाहर से पकड़ लिया। बच्चा चोरी की अफवाह से सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। इस मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। जिससे मौके पर पहुंची पुलिस ने बुजुर्ग महिला को अपनी हिरासत में ले लिया। बेहोश बच्ची के परिजन उसे लेकर सीएससी सिराथू पहुंचे। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। ग्रामीणों की माने तो संदिग्ध बुजुर्ग महिला गांव के किसी अन्य महिला से बात नहीं करती थी, वह सिर्फ बच्चियों के आसपास ही टहलती देखी गई। मामले में सीओ सिराथू रामवीर सिंह का कहना है कि महिला विक्षप्त लग रही है। उसके ऊपर लगे आरोपों की जांच की जा रही है। जिला अस्पताल में भर्ती बच्ची की हालत सामान्य बताई जा रही है।

यह खबर भी पढ़ें-मोदी सरकार का बड़ा फैसला… 10 सरकारी बैंकों का हुआ विलय… अब रह जाएंगे 12 सरकारी बैंक

यह खबर भी पढ़ें-बच्ची के शव को कब्र से निकाला बाहर… जिंदा करने का तंत्र-मंत्र हुआ फेल… पढ़ें पूरी खबर

संवाद365/नितिन अग्रहरि

40931

You may also like