बेटी आरूषि ने संभाली सांसद निशंक के चुनाव प्रचार की कमान

March 28, 2019 | samvaad365

लोकसभा चुनाव के मद्देनजर प्रत्याशियों का प्रचार अभियान ज़ोरों पर है। लिहाज़ा हरिद्वार लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक का प्रचार भी चरम पर है। लेकिन इस बार हरिद्वार सांसद निशंक के चुनाव प्रचार की कमान उनकी बेटी आरुषी पोखरियाल निशंक ने संभाल ली है। नामांकन से पूर्व भी आरूषि निशंक अपने पिता रमेश पोखरियाल निशंक के साथ दिखाई दीं थीं। अपने पिता के चुनाव लड़ने को लेकर उत्साहित आरूषि ने इस बार भी भाजपा की जीत का दावा किया है। आरूषि का कहना है कि हरिद्वार सीट से उनके पिता निशंक को जनता का काफी प्यार मिला है। उन्होंने कहा कि इस बार बीजेपी साल 2014 से भी ज्यादा सीटों पर जीत हासिल करेगी। आरूषी का कहना है कि उनके पिता निशंक के विकास कार्यों से जनता खुश है और इस बार भी उन्हें और अधिक मतों से विजयी बनाकर लोकसभा भेजेगी। प्रदेशभर की पांचों सीटों पर भाजपा का परचम लहराने का दावा करने वाली आरूषि का कहना है कि केंद्र में भी प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में मज़बूत सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि जो काम पिछले साठ सालों में नहीं हुए वह काम प्रधानमंत्री मोदी के पांच साल के शासनकाल में सम्भव हो सके। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए आरूषि ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जो काम हुए हैं उनसे देश आर्थिक शक्ति के रूप में तो उभरा ही है साथ ही दूसरे देशों में भी भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है।

संवाद365 / पुष्पा पुण्डीर

36406

You may also like