राज्यपाल, सीएम, और कई दिग्गज नेताओं ने मनाया लोकतंत्र का महोत्सव, किया मतदान

April 11, 2019 | samvaad365

लोकतंत्र का महापर्व: जनता के साथ प्रत्याशियों में भी देखा गया उत्साह

लोकसभा चुनाव के पहले चरण में उत्तराखंड में मतदान को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। प्रदेशभऱ में लोकतंत्र के सबसे बड़े उत्सव को लोगों ने अपने मत का प्रयोग कर धूमधाम से मनाया। बात चाहे आमजन की हो या फिर प्रदेश के दिग्गजों की सभी ने आम चुनाव के पहले चरण के मतदान में बढ़चढ़ कर अपना योगदान दिया। राज्यपाल बेबी रानी मौर्य और सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भी गुरुवार को अपने मत का प्रयोग करने के साथ ही जनता को मतदान करने का संदेश दिया। बता दें कि राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने सुबह आठ बजे गढ़ी कैंट स्थित शहीद मेख बहादुर गुरुंग कन्या इंटर कॉलेज में अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

राज्यपाल ने सभी मतदाताओं, विशेष रूप से युवाओं और महिलाओं से लोकतंत्र के इस महापर्व पर बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। इस दौरान उन्होंने कहा कि मतदान सबसे बड़ा दान है और सशक्त लोकतंत्र के लिए हर मतदाता का मत अमूल्य है। इसके साथ ही उन्होंने बिना किसी प्रलोभन के निर्भीक चुनाव करने की अपील की।

वहीं हरिद्वार लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी व पूर्व सीएम रमेश पोखरियाल निशंक ने भी बेटी आरूषि के साथ पोलिंग बूथ पर सुबह आठ बजे पहुंचकर अपना वोट दिया। इस मौके पर डॉ. निशंक ने कहा कि यह अच्छी बात है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर चुनाव लड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव को लेकर लोगों में भारी उत्साह है। वहीं उनके साथ मौजूद उनकी बेटी आरुषि ने कहा कि अच्छा है राष्ट्रवाद के मुद्दे चुनाव लड़ा जा रहा है। आरूषि ने कहा कि एक युवा होने के नाते मैंने देखा है कि पूरे विश्व में भारत का सम्मान कितना बढ़ा है।

वहीं चारधाम विकास परिषद के उपाध्यक्ष आचार्य शिव प्रसाद ममगाईं, महापौर सुनील उनियाल गामा और विधायक गणेश जोशी ने भी सुबह ही अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

वहीं अल्मोड़ा में भाजपा प्रत्याशी अजय टम्टा ने सुबह 7 बजे अपनी पत्नी सोनल टम्टा के साथ दुगालखोला पंचायत भवन पोलिंग बूथ पहुंच कर सबसे पहले मतदान किया।

तो वहीं कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने पौड़ी जिले के चौबट्टाखाल स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय सेडियाखाल में अपना मतदान किया।

संवाद365/पुष्पा पुंडीर

36727

You may also like