3 फीट बर्फ भी नहीं रोक पाई साजन को, 10 किलोमीटर पैदल चल ब्याहने गए अपनी दुल्हनियां

January 26, 2019 | samvaad365

लगातार हो रही बर्फबारी से जहां आम जन-जीवन अस्त-व्यस्त है तो वहीँ भारी बर्फबारी भी एक बारात को रोक नहीं पायी। जी हां केदारघाटी में बसे त्रियुगीनारायण गांव में कुछ ऐसा ही हुआ,जहां बर्फबारी के चलते बारात पैदल ही 10 किलोमीटर चलकर दुल्हन को बिहाने पहुचें।

रुद्रप्रयाग से 80 किलोमीटर दूर ऊखीमठ ब्लाक के त्रियुगीनारायण गांव में लगातार बर्फबारी के बीच स्वर्गीय हर्षमणि के घर बेटे रजनीश की  शादी की तैयारियां चल रही थीं। मौसम को लेकर बनी ऊहापोह के बीच परिजन बाबा केदार से प्रार्थना कर रहे थे कि शुक्रवार को मौसम साफ रहे। लेकिन शुक्रवार को भी मौसम ने अपना रंग नहीं बदला। गुरुवार आधी रात से एक बार फिर बर्फबारी शुरू हो गई। घर का आंगन भी बर्फ से ढक गया। किसी तरह घर के भीतर ही सभी रस्में पूरी की गईं। बारात पास के गांव मक्कूमठ जानी थी। तय किया गया कि 25-30 लोग ही बारात में जाएं, लेकिन जिन वाहनों में बारातियों को जाना था, वे मार्ग में ही फंसे हुए थे। पैदल जाने के सिवाए कोई चारा नहीं था।

किसी तरह तीन फीट बर्फ के बीच बराती पैदल चलकर मक्कूमठ गांव गए और इसी तरह दुल्हन को लेकर वहां से लौटे। दूल्हे के परिजनों का कहना था कि परिवार तनाव में था, लेकिन बरात के सकुशल पहुंचने के बाद सबने राहत की सांस ली।

यह खबर भी पढ़े- राजधानी देहरादून में 70वें गणतंत्र दिवस की दिखी अनूठी छटा, भारत माता के जयकारों से गुंजायमान हुआ आसमान

यह खबर भी पढ़े- डॉ की उपाधि के बाद अब पद्मश्री से सम्मानित होंगे जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण,जानिए औजी से जागर सम्राट बनने तक का सफर

संवाद 365/संध्या सेमवाल

30959

You may also like