मुंबई में गढ़वाल भ्रातृ मंडल ने किया मुंबई उत्तराखंड महोत्सव – 2024 का आयोजन

February 1, 2024 | samvaad365

मुंबई में उत्तराखंडियों की सबसे पुरानी व प्रतिनिधि संस्था एवं विगत 96 वर्षों से उत्तराखंड समाज के सामाजिक, सांस्कृतिक व शैक्षणिक सरोकारों के लिए प्रतिबद्ध संस्था गढ़वाल भ्रातृ मंडल की ओर से प्रतिवर्ष की तरह इस बार भी मुंबई उत्तराखंड महोत्सव – 2024 का आयोजन किया गया। इसका भव्य आयोजन मुंबई के कांदिवली – पूर्व में ठाकुर विलेज स्थित ठाकुर इंजीनियरिंग कालेज के मैदान में संपन्न हुआ।मुंबई उत्तराखंड महोत्सव – 2024 का आगाज दिनांक 26 जनवरी 2024 को नंदा देवी माता कलश यात्रा से हुआ। कलश यात्रा सिद्धार्थ नगर , बोरीवली – पूर्व स्थित गायत्री मंदिर से प्रारंभ होकर आयोजन स्थल ठाकुर इंजीनियरिंग कॉलेज में संपन्न हुई। कलश यात्रा के मार्गदर्शक धर्मा नंद रतूड़ी महाराज व संयोजक त्रिलोचन चंद सनवाल थे। कलश यात्रा में लगभग मुंबई के विभिन्न क्षेत्रों से आए 26 उत्तराखंडी भजन मंडलियों ने शिरकत की। आचार्य जयानंद सेमवाल व उनके सहयोगियों की ओर से मां नंदा की डोली की विधिवत प्राण प्रतिष्ठा की गई।आचार्यों ने वेद पाठ करने के पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। भारत के राष्ट्रपति से सम्मानित, मांगल गर्ल नाम से मशहूर नंदा सती ने मांगल गीत गाकर सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत  की। इसके पश्चात रेखा एंड ग्रुप की ओर से गणेश वंदना नृत्य की प्रस्तुति दी गई। रेशमा रौथाण  (फिट एंड फन एक्टिविटीज ग्रुप) और पुष्पा बिष्ट (रंगीलो पहाड़ ग्रुप) की ओर से मनमोहक उत्तराखंडी  लोक नृत्यों की प्रस्तुति दी गई।स्थानीय प्रस्तुतियों के पश्चात महोत्सव के प्रथम दिन के आकर्षण उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोकगायक अमित सागर ने चैत की चैत्वाली, हे घना, नाच मेरी बीरा जैसे एक से बढ़ कर एक गीत गाकर समा बांध दिया। इसके पश्चात मुख्य आकर्षण गुलाबी शरारा के अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कर चुके उत्तराखंडी लोक गायक इंदर आर्य ने हे मधु , बोल हीरा बोल , जोड़ी फर्स्ट क्लास , मेरो लंहगा और गुलाबी शरारा गाकर सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया। विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित बॉलीवुड के लोकप्रिय पार्श्व गायक देव नेगी की इंदर आर्य के साथ जुगलबंदी ने इस शाम को यादगार बना दिया।महोत्सव के दूसरे दिन की शुरुआत युवा उत्तराखंडी लोक गायिका अंजली खरे की ओर से खोली का गणेशा से की गई। तत्पश्चात मीना कंसवाल एंड ग्रुप – भायंदर, उत्तरांचल वेलफेयर एसोसिएशन – नाला सोपारा, प्रेरणा नेगी एंड ग्रुप और पार्थो एंड ग्रुप की ओर से अति सुंदर उत्तराखंडी लोक नृत्य की प्रस्तुतियां दी गई।दूसरे दिन के मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध उत्तराखंडी लोक गायक गजेंद्र राणा ने फुर्की बांध, लीला घस्यारी, पुष्पा छोरी, बबली तेरो मोबाइल जैसे सुपर हिट गीत गाकर सभी को नाचने पर मजबूर कर दिया। उत्तराखंड की अभिनेत्री और नृत्यांगना श्वेता महारा ने अपने नृत्यों से सभी का दिल जीत लिया। उत्तराखंड की प्रसिद्ध लोकगायिका संगीता ढौंडियाल ने ढोल दमो बजी गेना आदि लोकप्रिय लोक गीत गाकर दर्शकों के जनसैलाब को झूमने पर मजबूर कर दिया। क्रीम पाउडर फेम राकेश खनवाल की ओर से घागरी पारूली, हिमूली, क्रीम पाउडर आदि गाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।महोत्सव के तृतीय दिवस की शुरुआत मुंबई के स्थानीय नृत्य ग्रुप और स्थानीय उत्तराखंडी लोकगायक देवकी नंदन कांडपाल व रत्ना कुंवर के गीतों से हुई। तृतीय दिन के मुख्य आकर्षण उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध लोक गायक  किशन महिपाल ने मंच पर आकर सयाली , रानीखेता की राम ढोला, लागी बडुली, सोबती बाना, घुघुती और फ्योंलडिया जैसे सुपर हिट गाने गाकर सम्पूर्ण उत्तराखंड महोत्सव के प्रांगण को नाचने पर मजबूर कर दिया।मां धारी देवी फोक आर्ट टीम के युवा कलाकारों ने हरीश शर्मा के नेतृत्व में ढोल दमाऊ, मसकबीन जैसे उत्तराखंडी वाद्य यंत्रों पर अपनी कला दिखाकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। महोत्सव के दौरान विभिन्न उत्तराखंडी वस्तु व उत्पादों की भरपूर बिक्री हुई। हरीश कैटर्स के स्टॉल पर लोगों ने उत्तराखंडी व्यंजनों का भरपूर स्वाद लिया। त्रिदिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सफल संचालन प्रवृत्ति चंद, धनंजय रावत व सुरेंद्र भट्ट की ओर से संयुक्त रूप से किया गया। डॉक्टर राजेश्वर उनियाल के संचालन में अतिथियों का सम्मान किया गया।मुंबई उत्तराखंड महोत्सव में उत्तराखंड के माननीय शिक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर धन सिंह रावत, धारचूला के विधायक हरीश धामी, उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध लोक गायक गढ़ रत्न नरेंद्र सिंह नेगी, प्रदीप रावत,शंकर सिंह रावत, हयात सिंह राजपूत, आदि ने उपस्थित होकर मंडल को इस सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की। अन्य विशिष्ट  अतिथियों में जे. एस. टोलिया , मातबर सिंह, शिवसेना युवा नेता राज सुर्वे, अधिवक्ता ममता भट्ट, सुमन रावत , नेहा जोशी , आरुषि निशंक , महिपाल रावत, हरि मृदुल, रेखा खान, देवेंद्र कोरंगा, नीरज केष्टवाल, अमृता नौटियाल, जया बिष्ट, धर्मानंद रतूड़ी, बहादुर सिंह बिष्ट, धीरेंद्र डिमरी, महेंद्र सिंह नेगी, पूरन सिंह पटवाल आदि का समावेश था। फिल्म जगत से देव नेगी, हिमानी शिवपुरी, हेमंत पांडे, राज चावला , यतींद्र रावत आदि ने गरिमामई उपस्थिति दी।

संवाद365 के लिए मुंबई से फोटो जर्नलिस्ट पुष्कर ओझा के साथ जर्नलिस्ट साक्षी सेमवाल की रिपोर्ट-

95946

You may also like