भोले के ससुराल कनखल में महाशिवरात्रि की धूम, शिव का जलाभिषेक करने के लिए भक्तो का मंदिर में तांता

March 1, 2022 | samvaad365

महाशिवरात्रि पर भक्तों का भगवान् भोले के मंदिरों में भीड़ उमड़ना भी स्वाभाविक है। भोले शंकर की ससुराल दक्ष नगरी कनखल में शिवरात्रि की धूम है। कनखल के पौराणिक श्री दक्षेश्वर महादेव मंदिर के साथ हरिद्वार के अन्य शिवालयों में शिव भक्त और कांवड़िये शिव का जलाभिषेक करने के लिए पहुंच रहे हैं। सुबह से ही शिव का जलाभिषेक करने के लिए भक्तो का मंदिर में तांता लगा है। जबकि विश्व विख्यात हरकी पौड़ी पर महाशिवरात्रि के स्नान के लिए देश भर से भक्तों का सैलाब उमड़ा हुआ है।

शिव की ससुराल कनखल में श्री दक्ष प्रजापति मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए शिव भक्त जुटने लगे हैं। कहा जाता है की माघ मास की चतुर्दशी के दिन ही भगवान शिव ने पृथ्वी लोक में रुद्रावतार लिया था और आज ही के दिन शिव और शक्ति का मिलन भी हुआ था। इसीलिए इस दिन को काफी खास माना जाता है। मान्यता है कि आज के दिन भोले शिव का जलाभिषेक करने और शिव की आराधना करने से उनके भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। भगवान शंकर की ससुराल यानि दक्ष नगरी कनखल में विश्व का पहला शिवलिंग दक्षेश्वर महादेव मंदिर में स्थापित है।

कनखल स्थित पौराणिक श्री दक्षेश्वर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि के दिन जलाभिषेक का विशेष महत्व है। यही कारण है कि शिवालयों पर स्थानीय ही नहीं बल्कि देश भर से श्रद्धालु जलाभिषेक करने आते हैं। इनका मानना है की इस स्थान पर जलाभिषेक करने से सारे पाप कट जाते हैं और मन को शांति मिलती है। इस दौरान मंदिर में जल चढ़ाने आए श्रद्धालुओं ने यूक्रेन और रूस में चल रहे युद्ध को जल्द समाप्त करने और फिर से एक बार पूरी दुनिया में एकता और शांति के लिए कामना की है।

संवाद365,डेस्क

 

 

 

72860

You may also like