एक क्लिक पर मिल सकेगी उत्तराखंड के शहीद जवानों की पूरी डिटेल-मुख्यमंत्री

March 30, 2019 | samvaad365

 

चारधाम विकास परिषद की ओर से मुख्यमंत्री का सामाजिक संस्थाओं के साथ सीधा संवाद कार्यक्रम

चारधाम विकास परिषद की ओर से देहरादून के ईसी रोड स्थित एक वेडिंग प्वॉइंट में ‘मुख्यमंत्री का सामाजिक संस्थाओं के साथ सीधा संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पहुंचे सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि राष्ट्रधर्म सबसे बड़ा धर्म है। विविधताओं से भरे इस देश में कई धर्म और सम्प्रदाय के लोग रहते हैं। बावजूद इसके सब एक हैं। वहीं इस मौके पर सीएम ने कहा कि चारधाम की तर्ज पर पांचवा धाम ‘सैनिक धाम’ विकसित किया जाएगा।

पूरी तरह से डिजिटल सैनिक धाम के दर्शन के लिए चारधामों की तरह ही देश-दुनिया से लोग आएंगे। उन्होंने कहा कि सैनिक धाम में 1947 के बाद देश की रक्षा में शहीद सैनिकों का नाम स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। इसके साथ ही वेबसाइट पर भी शहीद जवानों की जानकारी एक क्लिक पर मिल सकेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के सैनिकों पर पूरे देश को गर्व है। इस मौके पर सीएम ने मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनवाते हुए कहा कि हमारा सही चुनाव ही देश के विकास में सहायक होता है। उन्होंने कहा लोकसभा चुनाव लोकतंत्र का सबसे बड़ा पर्व है। ऐसे में देश के विकास को ध्यान में रखते हुए बेहतर सरकार चुनने के लिए सभी से 11 अप्रैल को अपने मत का इस्तेमाल करने की अपील की।

वहीं इस अवसर पर चारधाम विकास परिषद के उपाध्यक्ष आचार्य शिव प्रसाद ममगाईं ने आम चुनाव पर ध्यान केंद्रित करते हुए कहा चुनाव भी लोकतंत्र का एक पर्व है जिसे हर किसी को मनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मतदान के महत्व समझाने के लिए और सबको जागरूक करने के लिए इस तरह के कार्यक्रमों का आयोजन होना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि यह पर्व लोकतंत्र को एक सुंदर रुप में स्थापित करता है।

वहीं आचार्य शिव प्रसाद ममगाईं की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष नरेश बंसल ने कहा कि यह लोकतंत्र का महापर्व है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र ने हमें यह अधिकार दिया है और यदि हम अपने अधिकार का इस्तेमाल नहीं करते तो हमें किसी से प्रश्न पूछने का भी अधिकार नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने लोगों से राष्ट्रहित को ध्यान में रखते हुए बिना किसी दबाव डर और लालच के मत का उपयोग करने की अपील की।

संवाद कार्यक्रम के तहत सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं से जुड़े लोगों ने सीएम त्रिवेंद्र से कई सवाल भी पूछे जिनके मुख्यमंत्री ने बेहद सौम्य तरीके से संतोषजनक जवाब दिए। बता दें कि कार्यक्रम का संचालन भाजपा महानगर अध्यक्ष विनय गोयल ने किया। इसके साथ ही कार्यक्रम को मेयर सुनील उनियाल गामा, राजपुर विधायक खजानदास, चारधाम विकास परिषद के उपाध्यक्ष आचार्य शिव प्रसाद ममगाईं, टपकेश्वर मंदिर के महंत कृष्णगिरि महाराज, जामा मस्जिद के हाजी मास्टर शकील अहमद, हेड ग्रंथी रेस कोर्स गुरुद्वारा ज्ञानी बूटा सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता संजय सिंह चौहान ने भी संबोधित किया। वहीं इस मौके पर अखिल गढ़वाल सभा के रोशन धस्माना, राकेश ओबेरॉय, देवी प्रसाद ममगाईं, काजी शमीम अहमद कासमी जामा मस्जिद, डॉ. आरके जैन, चंद्रगुप्त विक्रम, राजेश थापा, सरदार गुरजीत सिंह आनंद, आर्ट ऑफ लिविंग नितिन जैन, रामप्रसाद, अभिकर्ता संघ से प्रेम पेटवाल, भारतीय मजदूर संघ से पंकज शर्मा, चंद्रमोहन, यमुनोत्री धाम से जगमोहन उनियाल, गंगोत्री धाम से पंडित सुरेश सेमवाल आदि मौजूद रहे।

 

संवाद365 / पुष्पा पुण्डीर

36448

You may also like