प्रसिद्ध कवि, कहानीकार, उपन्यासकार गंगा प्रसाद विमल का निधन

December 26, 2019 | samvaad365

नई दिल्ली: जाने माने वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. गंगा प्रसाद विमल की पिछले दिनों श्रीलंका में हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। उनकी उम्र करीब 80 साल थी। इस दुर्घटना में उनकी पुत्री व नतिनी की भी मौत हो गई। हादसे में मौजूद उनका दामाद घायल हो गया है। साहित्यकार विमल और उनकी बेटी और नतिनी तीनों के पार्थिव शरीर को गुरुवार को भारत लाए जाने की संभावना है।

वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. गंगा प्रसाद विमल के निधन पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिजनों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से कामना की है। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने उनके निधन को साहित्य जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। जनपद उत्तरकाशी के मूल निवासी स्वर्गीय गंगा प्रसाद विमल का जन्म 3 जून 1939 को उत्तराखंड के उत्तरकाशी में हुआ था। उन्हें साहित्य के क्षेत्र में अनेक पुरस्कारों से भी सम्मानित किया गया था।

दिल्ली में कालकाजी स्थित साउथ पार्क अपार्टमेंट निवासी डॉ. गंगा प्रसाद विमल के परिजनों ने बताया कि वह परिवार के साथ श्रीलंका घूमने गए थे। वहां उनकी वैन की टक्कर एक ट्रक से हो गई। उन्होंने 1965 में पंजाब विश्वविद्यालय से पीएचडी की थी। विमल जेएनयू में प्रोफेसर और केंद्रीय हिंदी निदेशालय के निदेशक भी रह चुके हैं। उन्होंने उस्मानिया विश्वविद्यालय में भी अध्यापन किया और दिल्ली विश्वविद्यालय के जाकिर हुसैन कॉलेज से भी वह जुड़े रहे। गंगा प्रसाद विमल कवि, कहानीकार, उपन्यासकार और अनुवादक थे। उनका पहला काव्य संग्रह 1967 में विज्जप नाम से आया था। ‘अपने से अलग’ शीर्षक से उनका पहला उपन्यास 1972 में आया था।

यह खबर भी पढ़ें-टिहरी: नरेंद्रनगर में एक दिवसीय शिविर का आयोजन

यह खबर भी पढ़ें-अटल आयुष्मान उत्तराखण्ड योजना की प्रथम वर्षगांठ समारोह में सीएम रावत ने किए श्रद्धासुमन अर्पित

संवाद365/काजल

44860

You may also like