उत्तरकाशी: पौराणिक वारुणी पंचकोसी यात्रा हुई शुरू

April 3, 2019 | samvaad365

पौराणिक एवं धार्मिक व पर्यटन से जुड़ी वारुणी पंचकोसी यात्रा मंगलवार सुबह से शुरू हो गई हैं, त्रयोदशी के दिन शुरू होने वाली इस यात्रा के लिए बसुंगा, साल्ड, ज्ञाणजा, संग्राली व गंगोरी के ग्रामीणों ने मेहमानों की आवभगत के लिए चौलाई के लड्डू, फलाहर आदि की व्यवस्था शुरू की हैं। त्रयोदशी के पर्व पर ब्रह्म मुर्हूत पर शुरू होने वाली इस यात्रा में श्रद्धालु 33 करोड़ देवी-देवताओं की परिक्रमा कर पुण्य अर्जित करेंगे।

स्कंद पुराण के केदारखंड में सोमकाशी के नाम से प्रचलित उत्तरकाशी में वरुणा, असी व गंगा के संगम से होते हुए पांच कोस तक फैले वरुणावत पर्वत पर लगभग 18 किमी लम्बी पंचकोसी वारुणी यात्रा होती है। धार्मिक मान्यता है कि यात्रा में भाग लेने मात्र से ही पापों से मुक्त होकर पुण्य की प्राप्ति होती है। जबकि मनोकामनाएं पूर्ण करने के लिए भी यात्रा फलदायक है।

आपको बता दें कि नंदा देवी राजजात यात्रा की तर्ज पर एक दिन की इस यात्रा में हजारों की संख्या में उत्तरकाशी, टिहरी, चम्बा, रवांई, देहरादून तक के लोग भाग लेते हैं। त्रयोदशी के पर्व पर ब्रह्म मुर्हूत पर शुरू हुई यात्रा, गंगा स्नान व पूजा-अर्चना के बाद वरुणा व गंगा के संगम पर स्थित वरुणेश्वर मंदिर से शुरू होकर बसुंगा के अखण्डेश्वर महादेव, साल्ड के जगन्नाथ महादेव व अष्ट भुजा ज्वाला देवी, ज्ञाणजा के ज्ञानेश्वर महादेव, ब्यास कुंड, शिखरेश्वर महादेव, विमलेश्वर महादेव, संग्राली गांव के कण्डारेश्वर महादेव, पाटा होते हुए गंगोरी में असी व गंगा मंदिर में पूजा-अर्चना की जाती है।

असी गंगा के संगम पर भी स्नान-ध्यान कर श्रद्धालु पंचकोसी यात्रा की कामना की प्रार्थना करते हैं। असी गंगा संगम से भीम गुफा, लक्षेश्वर महादेव, प्राचीन दुर्गा मंदिर, महषिासुर मर्दिनी मंदिर, परशुराम, दत्तात्रेय, अन्नपूर्णा, भैरव मंदिर के बाद काशी विश्वनाथ में जलाभिषेक, पूजा-अर्चना व परिक्रमा के बाद यात्रा का विधित समापन होता है। यात्रा में मार्ग पर पड़ने वाले मंदिरों पर श्रद्धालु फूल, प्रसाद, श्रीफल आदि चढ़ाकर सुख, समृद्धि, शांति की कामना करते हैं। काशी विश्वनाथ के मुकुट वरुणावत पर्वत पर 33 करोड़ देवी-देवताओं का वास है। यात्रा के दौरान देव पूजा की जाती है।

यह खबर भी पढ़ें-देहरादून: राजधानी में प्रचार वाहनों की दौड़

यह खबर भी पढ़ें-देहरादून: 5 अप्रैल की तैयारियों को लेकर भूमि पूजन

उत्तरकाशी/ब्यूरो रिपोर्ट

36531

You may also like